Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पत्नी ने जेठ-जेठानी समेत चार पर लगाया हत्या का आरोप

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

दीवार निर्माण को लेकर हुआ था विवाद, गला दबाकर हत्या की आशंका; फोरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा

हंटरगंज (चतरा)। संवाददाता

हंटरगंज प्रखंड के तेलहेत पंचायत अंतर्गत सेलवार गांव में शनिवार की रात 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवचरण यादव (35 वर्ष), पिता वासुदेव यादव, निवासी सेलवार के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी ने अपने सगे जेठ, जेठानी तथा उनके पुत्र-पुत्री पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे देवचरण यादव और उनके बड़े भाई कामदेव यादव के बीच घर में दीवार उठाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों भाइयों के बीच कहासुनी और झड़प भी हुई। इसके बाद परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में चले गए।

मृतक की पत्नी रंजू देवी ने बताया कि रात में हुए विवाद के कारण उन्हें किसी अनहोनी की आशंका थी, इसलिए वह देर रात तक जागती रहीं। उनके अनुसार, रविवार तड़के करीब चार बजे वह महुआ चुनने के लिए घर से बाहर गई थीं। लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके जेठ कामदेव यादव और जेठानी बिंदु देवी उनके पति के कमरे से बाहर निकल रहे थे, जबकि दरवाजे के पास उनके पुत्र विकास कुमार और पुत्री प्रियंका कुमारी खड़े थे। कमरे में पहुंचने पर उन्होंने अपने पति को अचेत अवस्था में पाया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

रंजू देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने इस मामले में कामदेव यादव, बिंदु देवी, विकास कुमार एवं प्रियंका कुमारी को आरोपी बनाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी भोला साव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी पहलुओं से जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment