*NEET-2026 परीक्षा को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने की बैठक*
—————
*कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजित कराने का निर्देश*
——————–
*परीक्षा 21 जून 2026 को*
==============
*लोहरदगा।*
उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज जिला में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के कदाचारमुक्त आयोजन की तैयारी को लेकर आवश्यक बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। परीक्षा 21 जून 2026 को जिला के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना, सेन्हा में होगी। उच्चतर शिक्षा विभाग शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के तहत गठित स्वायत्त संगठन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के माध्यम से यह परीक्षा आयोजित होगी। इस परीक्षा में 255 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र पर सुबह 11 बजे से रिपोर्ट करना है।
*कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन का निर्देश*
उपायुक्त ने सभी कार्यपालक दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाये रखने लिए विभिन्न निदेश दिए। बैठक में परीक्षा केंद्र में कमरों की उपलब्धता, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी से निगरानी, पेयजल की व्यवस्था, कमरों में उचित प्रकाश की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था, परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग आदि बिंदुओं पर गहन चर्चा की और केंद्राधीक्षक को परीक्षा की अवधि में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया।
*इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध, कड़ी निगरानी के निर्देश*
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्र में कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में मोबाईल, डिजिटल घड़ी,पेनड्राइव, ईयरफोन, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश ना करे, इसकी सख्ती से जांच कर ली जाय। पूरी परीक्षा प्रक्रिया की सीसीटीवी से निगरानी होगी। किसी कदाचार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन बेहद संवेदनशील है। परीक्षा को कदाचारमुक्त, भयमुक्त सम्पन्न कराने हेतु परीक्षा केंद्र के निश्चित दायरे में निषेधाज्ञा लागू कराने का भी निर्देश अनुमण्डल दंडाधिकारी,लोहरदगा को दिया गया। साथ ही बस स्टैंड व होटल/लॉज में सुरक्षा संबंधी आवश्यक जांच का भी निदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने परीक्षा केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
आज की बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, एसडीएम अमित कुमार, एसडीपीओ, प्रखंड विकास पदाधिकारी संग्राम मुर्मू, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, केंद्राधीक्षक एसी झा समेत अन्य उपस्थित थे।





















Total Users : 1023152
Total views : 2803985