Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

आम्रपाली कोल प्रोजेक्ट में रोजगार घोटाला: एनसीसी कंपनी के अधिकारी पर ₹1 लाख तक घूस लेकर बाहरी लोगों को रखने का आरोप; जीएम को सौंपा ज्ञापन

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

झामुमो केंद्रीय सदस्य मनोज चंद्रा ने खोला मोर्चा; कहा— ‘स्थानीय नीति की धज्जियां उड़ा रहा सिंडिकेट, तरस रहे विस्थापित’; उपायुक्त चतरा और सिमरिया एसडीओ को भेजी गई शिकायत; 7 दिनों में जांच न होने पर दी उग्र आंदोलन की कड़ी चेतावनी

न्यूज स्केल लाइव

टंडवा (चतरा): चतरा जिले के विशाल कोयलांचल क्षेत्र टंडवा स्थित आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र से स्थानीय विस्थापितों के हक-अधिकार पर डाका डालने और रोजगार के नाम पर बड़े वित्तीय घोटाले का एक बेहद संगीन मामला सामने आया है। परियोजना क्षेत्र में  सक्रिय आउटसोर्सिंग कंपनियों में रोजी-रोजगार पाने के लिए स्थानीय विस्थापित और प्रभावित दर-दर भटक रहे हैं।

दूसरी तरफ, आम्रपाली परियोजना में कार्यरत मुख्य आउटसोर्सिंग कंपनी एनसीसी (NCC) द्वारा एक सिंडिकेट के माध्यम से भारी अवैध वसूली (रिश्वतखोरी) के जरिए बाहरी जिला और राज्य के लोगों को धड़ल्ले से नौकरी पर रखने की लगातार लग रहे गंभीर आरोपों से धीरे- धीरे माहौल गर्म हो रहा है।

इस गंभीर अनियमितता के खिलाफ शनिवार को झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन (जेसीएमयू/झामुमो) के केंद्रीय सदस्य मनोज कुमार चंद्रा  अपने समर्थकों के साथ आम्रपाली परियोजना के महाप्रबंधक (GM) संजीव कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात कर शिकायत- पत्र सौंपा।

झामुमो नेता मनोज चंद्रा ने विनय ठाकुर पर लगाए नौकरी देने के नाम पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप

इस पत्र में सीधे तौर पर एनसीसी कंपनी के कथित लाइजनिंग अधिकारी विनय ठाकुर को मुख्य आरोपी बनाते हुए उनके द्वारा चलाए जा रहे सिंडिकेट पर विस्थापितों के हक की सरेआम सौदेबाजी और अवैध वसूली करने के बेहद हीं गंभीर और आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। झामुमो नेताओं ने इस पूरे मामले की प्रतिलिपि चतरा उपायुक्त, सिमरिया अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), टंडवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के साथ-साथ जेसीएमयू के केंद्रीय सचिव को भी त्वरित आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु भेजा है।

झारखंड सरकार की 75% स्थानीय नियोजन नीति की बेखौफ उड़ाई जा रही हैं धज्जियां, ₹50 हजार से 1 लाख में कर रहे हैं सौदा

जीएम को सौंपे गए आधिकारिक पत्र में झामुमो केंद्रीय सदस्य मनोज कुमार चंद्रा ने साफ शब्दों में कहा है कि आउटसोर्सिंग कंपनी एनसीसी व अन्य द्वारा चतरा जिले के भीतर झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘स्थानीय नियोजन नीति’ की सरेआम धज्जियां उड़ा रही हैं।

  • नौकरी के बदले मोटी रकम: शिकायत के अनुसार, एनसीसी के अधिकारी विनय ठाकुर सिंडिकेट के गुर्गों के सहयोग से चतरा जिले से बाहरी लोगों को 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की अवैध राशि (रिश्वत) लेकर रख रहे हैं। सूत्रों की मानें तो कंपनी के अंदर कुल 1850 कामगार हैं जिनमें स्थानीय महज 800 या इससे भी कम स्थानीय हैं।
  • रैयतों के साथ हकमारी: मोटी रकम लेकर बाहरी लोगों को बड़े पैमाने पर परियोजना में नियोजित (नौकरी) कराया जा रहा है, जबकि नीतिगत और विधिक प्रावधानों के अनुसार आउटसोर्सिंग कंपनियों को हर हाल में 75 प्रतिशत स्थानीय विस्थापितों और प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देना अनिवार्य है।

झामुमो नेता ने प्रबंधन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि आगामी सात दिनों के अंदर इस पूरे नियुक्ति घोटाले की निष्पक्ष व विधिक जांच कर दोषी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं की गई, तो झामुमो आम्रपाली परियोजना में जोरदार व उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा।

शिवपुर साइडिंग में भी फूटा था रैयतों का गुस्सा, तब भी अधिकारियों द्वारा साधी गई थी चुप्पी

विदित हो कि आउटसोर्सिंग कंपनियों की इस दमनकारी और तानाशाही कार्यशैली के कारण स्थानीय प्रभावित रैयतों और विस्थापितों में लंबे समय से भारी जन-आक्रोश उमड़ता रहा है। पिछले दिनों ही शिवपुर रेलवे साइडिंग के परशान गांव के रैयतों ने सड़क पर उतरकर आउटसोर्सिंग कंपनी एनसीसी, वेरिएंट और एवीएस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान भी पीड़ित ग्रामीणों ने एनसीसी के उक्त अधिकारी पर रोजगार देने के एवज में अवैध राशि मांगने के आरोप लगाए थे।

बहरहाल, ‘न्यूज स्केल लाइव’ की टीम ने जब आरोपी अधिकारी विनय ठाकुर से इस मामले में उनका पक्ष (Statement) जानने का प्रयास किया गया, बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया जिससे उनका पक्ष विफल रहा।

जीएम को ज्ञापन सौंपने के दौरान ये मुख्य झामुमो नेता रहे उपस्थित

आम्रपाली परियोजना कार्यालय में महाप्रबंधक को भ्रष्टाचार के खिलाफ ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में मुख्य रूप से:

  • झामुमो (JMM) के जिला महासचिव चंद्रदेव साहू
  • वरिष्ठ श्रमिक नेता जागेश्वर दास
  • समाजसेवी उपेंद्र यादव
  • राम लखन साहू सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे। जहां सभी ने इस मुद्दे पर एक स्वर में आर-पार की लड़ाई लड़ने की हुंकार भरी है।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment