फरार कॉन्स्टेबल के साथ लिव-इन में रहती थी गिरफ्तार यशस्वी; मां का छलका दर्द- ‘बेटी की दो बार तुड़वाई सगाई’, फ्लैट से 9 सोने के बिस्कुट और करोड़ों की ज्वेलरी बरामद
उत्तर प्रदेश के झांसी में करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा (Betting) गैंग चलाने के आरोप में गिरफ्तार दो युवतियों (यशस्वी द्विवेदी और निशा खान) के मामले में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस पूरे गैंग का मास्टरमाइंड और सरगना कोई और नहीं बल्कि यूपी पुलिस का ही एक कॉन्स्टेबल रजत सिंह है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस गिरफ्त में आई 24 वर्षीय यशस्वी द्विवेदी इसी कॉन्स्टेबल रजत के साथ लिव-इन (Live-in) रिलेशनशिप में रहती थी। अब यशस्वी की मां सुमन ने कॉन्स्टेबल पर अपनी पढ़ी-लिखी बेटी की जिंदगी बर्बाद करने का गंभीर आरोप लगाया है।
MA-B.Ed पास है यशस्वी, बनना चाहती थी टीचर यशस्वी की मां सुमन ने पुलिस और मीडिया को बताया कि उनकी बेटी ने एमए (MA) और बीएड (B.Ed) की उच्च शिक्षा हासिल की है। वह एक टीचर बनना चाहती थी। लेकिन शादीशुदा सिपाही रजत ने उसे अपने प्रेमजाल में ऐसा फंसाया कि उसका पूरा करियर और जीवन अंधकार में डूब गया। पुलिस के मुताबिक, रजत के संपर्क में आने के बाद यशस्वी ने पुलिस में जाने का भी मन बनाया था और पिछले महीने दरोगा भर्ती परीक्षा में भी शामिल हुई थी। 9 साल पहले घर गश्त पर आता था सिपाही, ऐसे बिछाया जाल मां सुमन ने बताया कि करीब 9 साल पहले उनके होमगार्ड पति और कॉन्स्टेबल रजत मिनर्वा चौकी में एक साथ तैनात थे। गश्त के दौरान रजत अक्सर बहाने से उनके घर रुक जाया करता था। उस वक्त यशस्वी इंटरमीडिएट में पढ़ रही थी। उसी दौरान रजत ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। जब परिजनों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने यशस्वी की शादी दूसरी जगह तय कर दी, लेकिन बेटी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। साल 2023 में भी परिवार ने एक और लड़के से यशस्वी की सगाई की थी, लेकिन रजत की वजह से उसने यह रिश्ता भी ठुकरा दिया।
शादीशुदा होने की बात छिपाई, पॉश फ्लैट में रखा आरोप है कि कॉन्स्टेबल रजत सिंह पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने यशस्वी से यह सच्चाई छिपाकर रखी। रजत के कहने पर ही यशस्वी ने अपना परिवार छोड़ दिया था और बिना शादी के उसके साथ झांसी की पॉश कॉलोनी ‘रॉयल सिटी’ के एक फ्लैट में लिव-इन में रहने लगी। यहीं से वह रजत के ऑनलाइन सट्टेबाजी के काले कारोबार का अहम हिस्सा बन गई। सोने के बिस्कुट और करोड़ों का माल बरामद गौरतलब है कि पुलिस ने यशस्वी और निशा खान के फ्लैट पर छापेमारी कर अकूत संपत्ति बरामद की है। इनके कब्जे से 9 सोने के बिस्कुट, करीब 1.5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी, 20 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इन दोनों युवतियों के बैंक खातों की गहन जांच कर रही है। वहीं, इस करोड़ों के सट्टा रैकेट में मास्टरमाइंड कॉन्स्टेबल रजत सहित पांच आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।























Total Users : 962375
Total views : 2722120