प्रिंसिपल और वार्डन छुट्टी पर, परिजनों के पहुंचने से पहले ही पोस्टमार्टम को भेजा गया शव; ग्रामीणों में आक्रोश
चतरा | चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत राजपुर थाना क्षेत्र के राजाचक स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में सातवीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है। इस घटना से विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक छात्र की पहचान गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड निवासी रवि हेम्ब्रम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि सोमवार रात खाना खाने के बाद सोने गया था। सोते समय अचानक उसके नाक और कान से खून निकलने लगा। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह स्कूल प्रशासन ने फोन के जरिए इसकी सूचना छात्र के परिजनों को दी।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
घटना के समय स्कूल के प्रिंसिपल और वार्डन दोनों छुट्टी पर थे। वहीं, परिजनों के स्कूल पहुंचने से पहले ही स्कूल प्रबंधन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दी जानकारी
इस संबंध में राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि स्कूल प्रशासन से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को भी सूचित कर दिया है। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन छात्र की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, विद्यालय की वार्डन सृष्टि बाला से इस संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन छुट्टी पर होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो सका।



















Total Users : 1279030
Total views : 3152916