बाबा मठ के रास्ते पर दोबारा अवैध कब्जे का प्रयास, सीओ ने मौके पर पहुंचकर हटाया अतिक्रमण
लोहरदगा। शहर के बीचों-बीच स्थित बाबा मठ जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर दोबारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। कुछ लोगों द्वारा रास्ते को घेरकर कब्जा करने की कोशिश की गई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जाता है कि इससे पूर्व भी जिले के उपायुक्त के आदेश पर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा उक्त स्थल से अवैध कब्जा हटाया गया था। इसके बावजूद आज पुनः उसी स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। मामले की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाकर सार्वजनिक रास्ते को दोबारा खाली कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहरदगा शहर में पहले से ही सड़कें काफी संकीर्ण हैं। शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जा होने से आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाएगी। इसका खामियाजा आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भुगतना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक रास्तों पर बार-बार हो रहे अतिक्रमण के प्रयास पर स्थायी रोक लगाई जाए और ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बाबा मठ का सार्वजनिक रास्ता अतिक्रमण मुक्त रहे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।




















Total Users : 1285037
Total views : 3161861