Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

*जनजातीय खेल प्रतिभाओं का विराट संगम बना गुमला का अल्बर्ट एक्का स्टेडियम, वनवासी कल्याण केंद्र झारखण्ड का 26वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ*

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now
 गुमला -जनजातीय समाज की अंतर्निहित खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने, ग्रामीण अंचलों की खेल क्षमता को निखारने तथा युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार करने के उद्देश्य से वनवासी कल्याण केंद्र, झारखण्ड द्वारा आयोजित 26वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता का आज गुमला स्थित अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। 27 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इसे जनजातीय खेल प्रतिभाओं के एक विराट संगम का स्वरूप प्रदान किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीमान समीर उरांव जी तथा विशिष्ट अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती संयुक्ता देवी जी तथा अन्य अतिथियों के आगमन पर पारंपरिक तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात आगत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया गया तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह से ओतप्रोत हो उठा। अतिथियों के सम्मान एवं अभिनंदन के पश्चात विवेकानंद शिशु/विद्या मंदिर उच्च विद्यालय, लचरागढ़ की बहनों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत ने समारोह में मधुरता और गरिमा का संचार किया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता का विधिवत ध्वजारोहण माननीय श्री समीर उरांव जी, पूर्व राज्यसभा सांसद द्वारा किया गया। वहीं शांति, सद्भाव एवं एकता के संदेश के प्रतीक स्वरूप आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष श्री प्रतीक जी गुमला द्वारा शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाए गए। वनवासी कल्याण केंद्र के मंत्री श्री विनीत लाल जी ने अपने प्रस्तावना संबोधन में कल्याण आश्रम की गतिविधियों तथा खेलकूद प्रतियोगिता की महत्ता पर प्रकाश डाला।
समारोह की एक विशेष आकर्षण सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सलडेगा की बहनों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। बहनों की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। इसके पश्चात जिला परिषद गुमला की उपाध्यक्ष आदरणीया श्रीमती संयुक्ता देवी जी द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर खेल भावना, ऊर्जा, साहस एवं निरंतर प्रगति का संदेश दिया गया।
खिलाड़ियों को खेल भावना, निष्पक्षता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ प्रांतीय खेलकूद प्रमुख वनवासी कल्याण केंद्र, झारखण्ड श्री डोमन चंद्र महतो जी द्वारा दिलाई गई। इसके उपरांत बसिया के घोष दल के नेतृत्व में खिलाड़ियों का आकर्षक मार्च पास्ट आयोजित हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने अनुशासित कदमताल के साथ अपनी एकजुटता एवं संगठनात्मक प्रतिबद्धता का परिचय दिया। यह दृश्य उपस्थित जनसमूह के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
समारोह में विद्या मंदिर, डुमरी की बहनों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। विशिष्ट अतिथि श्रीमती संयुक्ता देवी जी ने अपने आशीर्वचन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को व्यक्तित्व निर्माण, शारीरिक सुदृढ़ता एवं सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता परम आदरणीय श्री प्रफुल्ल आकांत जी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, उत्तर मध्य क्षेत्र, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम ने अपने उद्बोधन में खेलों के व्यापक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामूहिकता के संस्कारों को विकसित करने का सशक्त आधार हैं। जनजातीय अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और मंच प्रदान करने की है। ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं।
मुख्य अतिथि माननीय श्री समीर उरांव जी का संदेश भी खिलाड़ियों एवं उपस्थित जनसमूह के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समारोह के अंत में संचालन समिति के अध्यक्ष महोदय श्रीमान महेश प्रसाद गुप्ता जी के आशीर्वचन एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ उद्घाटन सत्र संपन्न हुआ। इसके पश्चात श्री डोमन चंद्र महतो जी के नेतृत्व में रांची एवं खूंटी की टीमों के मध्य उद्घाटन मैच के साथ खेल प्रतियोगिताओं का  विधिवत आगाज हुआ।
उल्लेखनीय है कि इस तीन दिवसीय प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों एवं क्षेत्रों से आए जनजातीय खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, परिश्रम एवं कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़ सहित मैराथन तथा लंबी कूद जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की उत्सुकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण देखने को मिल रहा है ।
अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में खेल, उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का यह अद्भुत संगम कल, 29 नवंबर को अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के आयोजन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा समापन समारोह आयोजित होगा।
वनवासी कल्याण केंद्र, झारखण्ड का यह आयोजन केवल पदक और पुरस्कार प्राप्त करने की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की प्रतिभा, सामर्थ्य, संगठनात्मक एकता एवं सांस्कृतिक गौरव को प्रतिष्ठित करने का एक सार्थक प्रयास है। निश्चित रूप से यह खेल महोत्सव उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और झारखंड की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान एवं नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व राज्यसभा सांसद  समीर उरांव जी, जिला परिषद गुमला की उपाध्यक्ष श संयुक्त देवी जी, विशेष अतिथि के रूप में  रमेश कुमार चीनी जी नगर परिषद उपाध्यक्ष गुमला, लालचंद अग्रवाल जी जिला संघचालक गुमला,  प्रफुल्ल आकांत क्षेत्रीय संगठन मंत्री उत्तम मध्य क्षेत्र वनवासी कल्याण आश्रम,  सुभाष चंद्र दुबे जी प्रांत शिक्षा प्रमुख,  देवनंदन सिंह ,  डोमन चंद्र महतो जी, श्री राजेश्वर उरांव जी श्री जगमोहन बड़ाईक जी, सुमन उरांव जी, श्री धीरजमल गोप जी, श्री दीनबंधु सिंह जी, श्री प्रमोद नाथ जी, श्री खेदु नायक , विभिन्न विद्यालय से आए आचार्य प्रधानाचार्य, विभिन्न जिला से आए वनवासी कल्याण केंद्र के कार्यकर्ता उपस्थित थे ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment