Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

चार ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी, छह घंटे चली तलाशी

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

ईडी की कार्रवाई समझ चर्चा में रहा इलाका; जमीन व खनन के दस्तावेज लेकर लौटी टीम, बिहार-झारखंड के 12 ठिकानों पर चला अभियान

हंटरगंज (चतरा)। शुक्रवार की सुबह हंटरगंज में अचानक पुलिस और अधिकारियों की गाड़ियों का काफिला पहुंचा तो बाजार से लेकर गांव तक चर्चा शुरू हो गई। देखते ही देखते खबर फैल गई कि इलाके में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी चल रही है। हालांकि, कुछ देर बाद साफ हुआ कि यह ईडी की नहीं, बल्कि बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना की कार्रवाई है।

सुबह करीब नौ बजे पहुंची टीम ने हंटरगंज में चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। इनमें प्रेम सिंह के दो ठिकाने, नागर गांव स्थित शक्ति कुमार उर्फ कल्लू का आवास और आशुतोष स्टोन वर्क्स का कार्यालय शामिल थे। अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने निर्धारित ठिकानों पर पहुंचकर कागजातों की जांच की। कहीं जमीन से जुड़े दस्तावेज खंगाले गए, तो कहीं खनन और कारोबार के हिसाब-किताब की पड़ताल की गई। अधिकारी कई घंटे तक संबंधित परिसरों में जांच करते रहे।

करीब छह घंटे बाद दोपहर तीन बजे छापेमारी समाप्त हुई। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई के वरीय पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भावेश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मामला कथित तौर पर अवैध संपत्ति अर्जित करने, जमीन की खरीद-बिक्री और खनन से संबंधित है। तलाशी के दौरान जमीन के दस्तावेज, खनन से जुड़े कागजात और अन्य अभिलेख मिले हैं, जिन्हें टीम जांच के लिए अपने साथ ले गई है। दस्तावेजों की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि इस जांच में बिहार आर्थिक अपराध इकाई ने बिहार और झारखंड के अलग-अलग जिलों में एक साथ 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। हंटरगंज में हुई कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा थी।

एक साथ चार जगहों पर अधिकारियों की मौजूदगी से पूरे इलाके में चर्चा तेज रही। बाजार में आने-जाने वाले लोग भी छापेमारी वाले ठिकानों की ओर नजरें लगाए रहे। स्थानीय पुलिस पूरे अभियान के दौरान मुस्तैद रही। हंटरगंज और वशिष्ठनगर थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव कमान कच्छप तथा अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।

छापेमारी समाप्त होने के बाद टीम कई महत्वपूर्ण कागजात लेकर लौट गई। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से दस्तावेजों के विस्तृत ब्योरे या किसी व्यक्ति के दोषी होने की पुष्टि नहीं की गई है। जब्त अथवा प्राप्त कागजातों की जांच के बाद ही मामले की आगे की तस्वीर साफ होगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment