अनियमितता-लापरवाही पर अधिकारियों की चेतावनी, कोई पात्र लाभुक वंचित न रहे; बेहतर सेवा देने वाले छह दुकानदार सम्मानित
पत्थलगड़ा (चतरा)। पत्थलगड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग (जिला खाद्य आपूर्ति शाखा, चतरा) के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विशेष रूप से जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों (डीलरों) के लिए आयोजित की गई थी। इसका नेतृत्व अंचल अधिकारी सह प्रभारी बीडीओ उदल राम और संचालक एमओ तेजनारायण पंडित ने किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और लाभुकों के अनुकूल बनाना था।
कार्यशाला में सभी डीलरों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे:

- ई-पॉश मशीन के माध्यम से सही तरीके से राशन वितरण
- स्टॉक पंजी का सही संधारण और समय पर उठाव
- लाभुकों की शिकायतों का त्वरित निपटारा
- लाभुकों के साथ शिष्ट व्यवहार और वितरण में पूर्ण पारदर्शिता
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र लाभुक राशन से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कार्यशाला के दौरान बेहतर सेवा देने वाले दुकानदारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें मंझगांवा के संतोष कुमार सिंह, पत्थलगड़ा की शारदा देवी और बारियातू के विष्णु साव शामिल हैं। इसके अलावा सीताराम दांगी, बिंदेश्वरी दांगी और श्यामलाल दांगी को भी बेहतर सेवा के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित दुकानदारों ने खुशी जताते हुए कहा कि इस सम्मान से उन्हें आगे और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिली है।
कार्यशाला के अंत में सभी दुकानदारों ने सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करने और लाभुकों को बेहतर सेवा देने का संकल्प लिया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि आशीष दांगी, जिला परिषद सदस्य रामसेवक दांगी, मुखिया राधिका देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



















Total Users : 1282673
Total views : 3158630