Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

झारखंड विधानसभा में SIR पर सियासी घमासान: सत्ता पक्ष ने कहा- आदिवासियों-मुसलमानों का वोट काटने की साजिश, विपक्ष बोला- घुसपैठियों की हो पहचान

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

विशेष सत्र के पहले दिन तीखी बहस; बाबूलाल मरांडी ने जमशेदपुर में अफगानी और राज्य में ईरानी नागरिक होने का किया दावा; सीईसी ज्ञानेश कुमार को ‘श्रीमान’ कहने पर सदन में हंगामा, सरयू राय और सत्ता पक्ष आमने-सामने; सुरेश पासवान और शिल्पी नेहा तिर्की ने कानून वापस लेने की उठाई मांग

रांची (झारखंड)। झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर तीखी बहस हुई। सत्तारूढ़ गठबंधन (झामुमो-कांग्रेस) के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। वहीं, विपक्ष (भाजपा-आजसू) ने घुसपैठियों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वालों की पहचान करने की जरूरत बताई।

“फर्जी दस्तावेज और घुसपैठियों पर हो जांच”

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदन में कहा कि जमशेदपुर में अफगानी और राज्य में ईरानी नागरिक मिले हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने की खबरें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग से इन मामलों की जांच करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से रहने वाले लोग ‘घुसपैठिए’ हैं, जबकि पड़ोसी देशों में प्रताड़ित होकर भारत आने वाले हिंदू ‘शरणार्थी’ हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने आदिवासी बहुल गांवों की बदलती डेमोग्राफी (जनसांख्यिकी) और जमीन पर कब्जे का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट के बावजूद आदिवासी जमीनों पर कब्जा हो रहा है और एसपीटी क्षेत्र में भी घुसपैठियों की मौजूदगी है। उन्होंने जमीन का सर्वे कराने की मांग की।

सत्ता पक्ष का पलटवार

कांग्रेस विधायक नवीन जायसवाल ने एसआईआर के विरोध को कांग्रेस का एजेंडा बताया। उन्होंने दावा किया कि पूरे झारखंड में बाहर से आकर काम करने वाले 30-40 लाख बांग्लादेशियों की मौजूदगी है। उन्होंने सवाल किया कि अगर मतदाता सूची में गड़बड़ी है, तो क्या झामुमो-कांग्रेस के उम्मीदवार वोट चोरी से जीते हैं?

वहीं, सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए गरीबों और मुसलमानों का वोट काटने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय के दस्तावेज मांगना व्यावहारिक नहीं है, क्योंकि कई आदिवासी परिवारों के पास पुराने कागजात उपलब्ध नहीं होंगे। उन्होंने कानून वापस लेने की मांग की। चंद्रदेव महतो ने कहा कि नागरिकता का निर्धारण करना चुनाव आयोग का काम नहीं है और दावा किया कि करीब 83 लाख लोगों को नोटिस भेजे गए हैं, जिससे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में लोगों को अधिक परेशानी हो रही है।

सीईसी को ‘श्रीमान’ कहने पर हंगामा

सदन में तब जोरदार हंगामा हुआ जब निर्दलीय विधायक सरयू राय के संबोधन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को ‘श्रीमान’ कहने पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने आपत्ति जताई। डॉ. इरफान अंसारी ने इसका विरोध किया। इस पर सरयू राय ने कहा कि पूर्व में कई मुख्य चुनाव आयुक्तों को सेवानिवृत्ति के बाद राजनीतिक पद मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सदन से मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने का प्रस्ताव भेजने का कोई लाभ नहीं होगा। बाबूलाल मरांडी ने भी ऐसे प्रस्ताव को गलत परंपरा बताया।

अन्य विधायकों ने भी रखा पक्ष

  • शिल्पी नेहा तिर्की ने आरोप लगाया कि टाना भगतों और पढ़ाई समाज के लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड देश का एकमात्र राज्य है, जहां एसआईआर के विरोध में विशेष सत्र बुलाया गया है।

  • उदय शंकर सिंह ने कहा कि वे एसआईआर के विरोधी नहीं हैं, लेकिन साजिश के तहत किसी का नाम काटने के खिलाफ हैं।

  • जयराम महतो ने प्रक्रिया में मौजूद गड़बड़ियों को दूर करने के लिए शिविर लगाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष समुदाय के लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और संसदीय कार्य मंत्री से इस संबंध में आंकड़े पेश करने को कहा।

  • चर्चा में अनंत प्रताप देव, निर्मल महतो और राजेश कच्छप ने भी हिस्सा लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment