कच्चे घर में रह रही थीं कैली देवी; मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर हुआ गृह प्रवेश, गांव को दिखा उत्सव का नजारा
गिद्धौर (चतरा) | झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना से एक और गरीब परिवार का सपना पूरा हुआ है। चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के मंझगांवा पंचायत गांव में बुधवार को लाभुक कैली देवी ने अपने नवनिर्मित पक्के मकान में विधिवत गृह प्रवेश किया।
2 लाख की लागत से बना पक्का मकान
अबुआ आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में कैली देवी को यह आवास स्वीकृत हुआ था। आवास निर्माण के लिए सरकार की ओर से कुल 2,00,000 रुपये की राशि दी गई थी। इससे पहले कैली देवी कच्चे मकान में अपना गुजर-बसर कर रही थीं। उनके लिए यह पक्का मकान किसी सपने के सच होने जैसा है।
दुल्हन की तरह सजाया गया नया घर
गृह प्रवेश के दिन घर को दुल्हन की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मुख्य द्वार पर फूल-मालाओं, गुब्बारों और केले के पत्तों से भव्य तोरण द्वार बनाया गया था। कैली देवी ने हाथ में पूजा की थाली लेकर मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से नए घर में प्रवेश किया। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य और गांव के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने दी बधाई
गृह प्रवेश के बाद ग्रामीणों ने कैली देवी को मिठाई खिलाकर और फूल-माला पहनाकर बधाई दी। खुशी जाहिर करते हुए कैली देवी ने कहा कि वे वर्षों से पक्के मकान का सपना देख रही थीं, जो आज सरकार की योजना से पूरा हुआ है। उन्होंने सरकार और प्रखंड प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रखंड प्रशासन के सहयोग की सराहना की, जिसके कारण समय पर आवास का निर्माण पूरा हो सका और लाभुक को नए घर में प्रवेश करने का सुखद अवसर मिला।


















Total Users : 1279967
Total views : 3154373