रंगदारी के लिए हुई फायरिंग के मामले में खुलासा, हथियार बरामदगी के दौरान अपराधी ने की फायरिंग
चतरा/टंडवा। चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार अहले सुबह टंडवा थाना क्षेत्र के होन्हे-गोड़वार जंगल में पुलिस और गिरोह के एक अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान चतरा निवासी शूटर आनंद कुमार के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
रंगदारी के लिए हुई थी फायरिंग
एसपी अनिमेष नैथानी के अनुसार, 11 नवंबर को टंडवा थाना क्षेत्र की आम्रपाली परियोजना में स्थित एवीएस ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के साइट ऑफिस पर रंगदारी को लेकर गोलीबारी हुई थी। मामले के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।
पूछताछ में कबूली संलिप्तता
एसआईटी ने पूछताछ के लिए आनंद कुमार को हिरासत में लिया था। पूछताछ में उसने एवीएस कंपनी में फायरिंग में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने हजारीबाग के चौपारण स्थित एक होटल में हुई फायरिंग में भी अपनी संलिप्तता बताई।
हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़
एसपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए आनंद को उसके बताए स्थान होन्हे जंगल ले जाया गया था। आरोप है कि छिपाया गया हथियार हाथ में लेते ही उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। इसके बाद उसे दबोच लिया गया।
इस दौरान अपराधी की ओर से दो और पुलिस की ओर से तीन राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और दो खोखे बरामद किए हैं।
अन्य साथियों के नाम उजागर, छापेमारी जारी
एसपी ने बताया कि आनंद ने घटना में शामिल अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। उनके आधार पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मौके पर एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी विपिन कुमार, पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा, प्रभात कुमार, मदन सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
पहले भी हो चुकी है ऐसी कार्रवाई
इससे पहले 23 अगस्त को उड़सू मोड़ स्थित सुशी चंद्रगुप्त कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में फायरिंग हुई थी, जिसमें राहुल दुबे गैंग का हाथ था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। हथियार बरामदगी के दौरान मुख्य शूटर विकास सिंह पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने लगा और फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में भी गोली लगी थी। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से अपराधियों के हौसले पस्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

न्यूज़ स्केल लाइव — भरोसे की पहचान



















Total Users : 1280003
Total views : 3154416