पहाड़िया गांव में काली मंदिर की जमीन को लेकर हुई मारपीट; एम्स में इलाज के दौरान शंभू यादव ने तोड़ा दम; राजेश यादव, सुखदेव यादव समेत 5 नामजद; पहले भी कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
देवघर (झारखंड)। देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के पहाड़िया गांव में काली मंदिर की जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने शुक्रवार को एक बड़ा तूल पकड़ लिया। इस विवाद में पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल किए गए शंभू यादव (पिता हरिहर यादव) की गुरुवार को एम्स देवघर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फूट पड़ा और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, सारवां थाना क्षेत्र के सिरसिया पंचायत के पहाड़िया गांव में काली मंदिर की जमीन को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। मृतक के भतीजे राकेश यादव (28) ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि गुरुवार सुबह शंभू यादव मजदूर खोजने के लिए नीलांबरडीह गए थे। वापस लौटने के दौरान गांव के समीप राजेश यादव, सुखदेव यादव, गुड्डू यादव, विवेक यादव और रवि यादव समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर हालत में शंभू यादव को पहले स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां से उन्हें एम्स देवघर रेफर किया गया। दो दिनों तक चले इलाज के बाद गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
शव लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
शंभू यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फूट पड़ा। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव एनएच-114ए के तिलम्बाताड़ (तिनबाटांड़) मोड़ के पास सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे सारवां थाना प्रभारी संतोष कुमार से मृतक की पत्नी ने कॉलर पकड़कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और जमकर हंगामा किया गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण एनएच-114ए पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
“पहले भी कई बार दी गई शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई”
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी थाना, अंचल कार्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और उपायुक्त (DC) कार्यालय में कई बार शिकायत दी गई थी, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सुखदेव यादव और राजेश यादव समेत सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया, लेकिन इलाके में तनाव का माहौल अब भी बना हुआ है।



















Total Users : 1274996
Total views : 3146590