31 अक्टूबर को आयुष्मान अस्पताल के पास नाली में मिला था नवजात का शव; पोस्टमार्टम में हुआ था जीवित पैदा होने की पुष्टि; प्रेम प्रसंग में दुष्कर्म, गर्भपात की दवा और सबूत छिपाने का सनसनीखेज खुलासा; कुल 6 लोगों के खिलाफ दर्ज है FIR
रायपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता का निजी अस्पताल में अवैध रूप से प्रसव कराने और नवजात शिशु के शव को नाली में फेंकने के आरोप में पुलिस ने दो डॉक्टरों समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कैसे खुला पूरा मामला?
यह दिल दहला देने वाली घटना 31 अक्टूबर 2026 की सुबह सामने आई, जब गोबरा नवापारा थाना पुलिस को सूचना मिली कि आयुष्मान अस्पताल, नवापारा रोड के किनारे बहने वाली नाली में एक नवजात शिशु का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआत में यह मामला लावारिस शव का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि नवजात ने जीवित अवस्था में जन्म लिया था और बाद में उसकी मौत हुई।
CCTV फुटेज ने खोला राज
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज की मदद से जांच आयुष्मान अस्पताल तक पहुंची। जांच में पता चला कि 30 और 31 अक्टूबर की दरम्यानी रात एक 17 वर्षीय नाबालिग ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि नाबालिग के साथ प्रेम प्रसंग के बहाने दुष्कर्म किया गया था, और जब वह गर्भवती हुई, तो उसे गर्भपात की दवाइयां दी गई थीं।
अस्पताल की भूमिका पर उठे सवाल
जांच में सबसे गंभीर लापरवाही अस्पताल की तरफ से सामने आई। पॉक्सो एक्ट की धारा 19 के तहत यह अनिवार्य है कि अगर किसी नाबालिग के साथ यौन अपराध का मामला सामने आता है, तो डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन को तुरंत पुलिस को सूचना देनी होती है। लेकिन आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने न केवल पुलिस को सूचना देने में लापरवाही बरती, बल्कि नवजात के शव को अस्पताल के बाहर नाली में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने इस मामले में चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इनके नाम इस प्रकार हैं:
- दौलत चक्रधारी (20) – पिता पोखराज चक्रधारी, कोलियारी, थाना गोबरा नवापारा, रायपुर (दुष्कर्म का मुख्य आरोपी)
- चुम्मन साहू (23) – पिता लोमेश साहू, कुरूसकेरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद (ओपीडी कर्मी)
- डॉ. बुधपाल सिंह (38) – पिता भूरेलाल सिंह, अनुव्रत विहार टीचर्स कॉलोनी, कोटा, रायपुर
- डॉ. प्रदीप यादव (31) – मूल निवासी अमेठी (यूपी), हाल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नवापारा, रायपुर
कुल 6 लोगों के खिलाफ FIR
गोबरा नवापारा पुलिस ने इस पूरे मामले में कुल 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें दुष्कर्म के आरोपी युवक, अस्पताल के दो डॉक्टर, ओपीडी कर्मी और नवजात के शव को नाली में फेंकने में सहयोग करने के आरोप में नाबालिग पीड़िता को भी आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 91, 238 और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 व 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।




















Total Users : 1274996
Total views : 3146590