खाद्य सुरक्षा एवं मिलावट को लेकर सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस नदिया हिन्दू में जागरूकता कार्यक्रम, 150 छात्र-छात्राओं को दी गई जानकारी
लोहरदगा: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस नदिया हिन्दू, लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा एवं खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 11वीं और 12वीं कक्षा के लगभग 150 छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल के शिक्षक एवं कर्मी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित भोजन की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। खाद्य पैकेट पर एफएसएसएआई के मानकों के अनुरूप लाइसेंस नंबर, बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि तथा निर्माता का पूरा पता जैसी आवश्यक जानकारियों को जांचने के प्रति जागरूक किया गया, ताकि उपभोक्ता पैकेट पर अंकित विवरण देखकर गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री का चयन कर सकें।
इसके अलावा एफएसएसएआई के महत्वपूर्ण अभियान ‘थोड़ा कम तेल, नमक और चीनी’ पर भी विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को दैनिक खानपान में तेल, नमक और चीनी की मात्रा नियंत्रित रखने की सलाह दी गई, जिससे मधुमेह, हृदय रोग और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में ऑन-स्पॉट जांच के माध्यम से पनीर, रसगुल्ला, पेड़ा, खोवा, दही, मसाले, सब्जियां, खाद्यान्न और दालों में स्टार्च, मैदा एवं हानिकारक रंगों की मिलावट की पहचान करने के सरल तरीकों की जानकारी दी गई, ताकि विद्यार्थी घर पर भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रह सकें।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित खानपान, खाद्य मिलावट की पहचान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना रहा।




















Total Users : 1274864
Total views : 3146382