14 माइल के पास जांच के दौरान चालक ने भागने का किया प्रयास, चरही फ्लाईओवर के समीप वाहन जब्त; तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
हजारीबाग, झारखंड। जिले में अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी और जांच अभियान चलाकर बिना वैध कागजात के कोयला ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया गया।
सीआईएसएफ मीडिया सेल के क्षेत्रीय प्रभारी सत्यप्रकाश दूबे के अनुसार, कमांडेंट विवेक शर्मा और उप कमांडेंट सुरेश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जांच दल 14 माइल के आसपास वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन की गति बढ़ाकर भागने लगा।
स्थिति की जानकारी तत्काल त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) को दी गई। इसके बाद सुरक्षा टीम ने ट्रक का पीछा किया और करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद चरही फ्लाईओवर के पास ट्रक संख्या जेएच-02-बीआर-2740 को पकड़ लिया। जांच में वाहन पर लदा कोयला बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा था।
अवैध खनन और भंडारण के नेटवर्क पर नजर
सीआईएसएफ के अनुसार, जोराकाट क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और दासोखाप में कोयले के भंडारण को लेकर लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। इन सूचनाओं के आधार पर संबंधित गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की विभिन्न कड़ियों की जांच की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से कोयला तस्करी में शामिल लोगों के बीच हलचल बढ़ी है।
News Scale Live | भरोसे की पहचान


















Total Users : 1262888
Total views : 3128068