पत्नी को बचाने के दौरान पीठ में लगी गोली, घटना के बाद आरोपी भाई फरार; टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा इलाज
सरायकेला। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर में हुए विवाद के दौरान स्कूल संचालक सत्यप्रकाश सुधांशु पर अपने छोटे भाई और चर्चित चिकित्सक डॉ. ओपी आनंद को गोली मारने का आरोप लगा है। गोली लगने से डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है।
पत्नी पर पिस्टल तानने के दौरान हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. ओपी आनंद सोमवार रात करीब आठ बजे जिम से अपने आवास लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपने निजी सुरक्षाकर्मी को वापस भेज दिया। इसी दौरान बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों और चालक अमित के अनुसार, विवाद के दौरान सत्यप्रकाश सुधांशु ने कथित तौर पर डॉ. आनंद की पत्नी सरिता आनंद पर पिस्टल तान दी। पत्नी को बचाने के लिए डॉ. आनंद बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान उन पर गोली चला दी गई। पहली गोली उनकी पीठ में लगी, जबकि दूसरी गोली शरीर को छूते हुए निकल गई। घटना के समय डॉक्टर की बेटी आम्या भी वहां मौजूद थी।
स्कूल और पैतृक संपत्ति को लेकर पुराना विवाद
बताया जाता है कि पिता की मृत्यु के बाद से ही दोनों भाइयों के बीच स्कूल और पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों परिवार इसी परिसर में अलग-अलग मंजिलों पर रहते हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, घटना से करीब आठ दिन पहले भी दोनों भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। हालांकि, विवाद के सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी चर्चित रहे हैं डॉक्टर
डॉ. ओपी आनंद जमशेदपुर और आदित्यपुर क्षेत्र के जाने-माने चिकित्सक हैं। वह ‘111 सेव लाइफ’ अस्पताल के संचालक हैं। चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ उनकी राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रियता रही है। उन्होंने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। कोरोना काल में अस्पताल निरीक्षण को लेकर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद भी वह राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। उस मामले में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, बाद में उच्च न्यायालय से जमानत मिली थी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद आरोपी सत्यप्रकाश सुधांशु का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल संपत्ति विवाद में गोलीबारी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





















Total Users : 1254899
Total views : 3116057