एसपी बोले- शहीदों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा, चतरा पुलिस परिवारों के साथ खड़ी है; चतरा के तीन पदाधिकारी और आठ जवान हो चुके हैं शहीद
चतरा। चतरा पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने चतरा समेत पूरे देश में शहीद हुए 154 जवानों और पुलिस पदाधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि 31 अगस्त 2026 तक पूरे देश में कुल 154 पुलिसकर्मी और अर्द्धसैनिक बलों के जवान व पदाधिकारी कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए हैं। इनमें झारखंड के एक पुलिस पदाधिकारी और दो आरक्षी शामिल हैं। चतरा जिले में तीन पुलिस पदाधिकारी और आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। इसके अलावा चतरा जिले के निवासी दो अन्य पुलिसकर्मियों ने भी अन्य जिलों में ड्यूटी के दौरान प्राणों की आहुति दी थी। इन वीर जवानों के परिजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि चतरा पुलिस शहीदों के परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी परेशानी में पुलिस उनकी मदद के लिए तत्पर रहेगी।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण को याद किया गया। कहा गया कि कर्तव्य पालन के दौरान शहीद होने का अवसर बहुत कम जवानों को मिलता है, लेकिन जब सर्वोच्च बलिदान की घड़ी आती है, तो पुलिसकर्मी पीछे नहीं हटते। शहीदों द्वारा दिखाए गए रास्ते को कभी धूमिल नहीं होने दिया जाएगा और उनकी यादों को हमेशा संजोकर रखा जाएगा। शहीदों के परिजनों का सम्मान करना सभी का दायित्व है और पुलिस विभाग जरूरत के समय हरसंभव सहयोग करेगा।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस संस्मरण दिवस को गौरव और संकल्प का अवसर बताते हुए देश की सेवा, सुरक्षा और जनता के प्रति समर्पण की भावना मजबूत करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी अनिल उरांव, मेजर, सार्जेंट मेजर समेत कई पुलिसकर्मी और शहीदों के परिजन उपस्थित थे। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।



















Total Users : 1238729
Total views : 3093144