“माता फिर आना, अगले बरस फिर आना” के जयघोष से गूंजे विसर्जन स्थल; महिलाओं ने खोईंछा देकर दी विदाई, शांतिपूर्ण रहा आयोजन
चतरा। नौ दिनों की पूजा-अर्चना के बाद जिले में इटखोरी, प्रतापपुर और गिद्धौर प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर नम आंखों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। विदाई की बेला में श्रद्धालु भावुक नजर आए, वहीं भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा माहौल गूंजता रहा।
इटखोरी के परोका कला में
इटखोरी प्रखंड के परोका कला में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से नम आंखों से मां दुर्गा का विसर्जन किया गया। विसर्जन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए और भक्ति गानों पर जमकर झूमे। अंत में विधिवत पूजा-आरती के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस मौके पर समिति के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।
प्रतापपुर में
प्रतापपुर में विजयादशमी तक विधिवत पूजा-अर्चना के बाद एकादशी तिथि, बुधवार को मां की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को पूरे नगर में भ्रमण कराया गया, जहां श्रद्धालु महिलाओं ने परंपरा के अनुसार माता को खोईंछा देकर नम आंखों से विदा किया।
इसके बाद शोभायात्रा स्थानीय सुखनदिया डैम (कस्मार डैम) के तट पर पहुंची। वहां आचार्य धीरेंद्र शर्मा और आचार्य नागेंद्र पांडेय ने मंत्रोच्चार के साथ अंतिम पूजा-अर्चना और आरती कराई। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने “माता फिर आना, अगले बरस फिर आना” के जयघोष के साथ प्रतिमा का डैम में विसर्जन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
गिद्धौर के बारीसाखी में
गिद्धौर प्रखंड के बारीसाखी पंचायत गांव में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां की प्रतिमा का विसर्जन भावुक माहौल में किया गया। नौ दिनों तक चली पूजा-अर्चना और मेले के बाद जब विदाई की बेला आई, तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं।

गुरुवार को विजयादशमी के बाद समिति के सदस्यों ने विधिवत पूजा, आरती और हवन किया। पंडित ने मंत्रोच्चारण के साथ मां को अंतिम भोग लगाया। इसके बाद गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ प्रतिमा को पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। भक्ति गानों पर युवा और महिलाएं जमकर झूमे और “बोलो दुर्गा मैया की जय” के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। अंत में स्थानीय तालाब में प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष देव कुमार साव, सचिव सह मुखिया प्रतिनिधि दिनेश भारती, समाजसेवी प्रसादी पासवान, उप मुखिया विकास कुमार पांडेय, वीरेंद्र कुमार यादव, शिवकुमार यादव, संचालन कर रहे रामजीवन कुमार साहू सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार पूजा को लेकर गांव में विशेष उत्साह था और पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार जताया।



















Total Users : 1238793
Total views : 3093219