दुर्गा पूजा में विधि-व्यवस्था, पोक्सो, नशाखोरी और सड़क सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने का निर्देश
गुमला (झारखंड) संवाददाता | गुमला के चंदाली स्थित एसपी कार्यालय सभागार में पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में गुमला, चैनपुर एवं बसिया अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारियों के साथ सभी थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी दुर्गा पूजा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत उच्च न्यायालय द्वारा पोक्सो एक्ट के संबंध में जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी एवं अनुपालन को लेकर चर्चा से हुई। इसके बाद आगामी दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई का निर्देश
बैठक में जिले में चोरी, नशाखोरी और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के मामलों पर भी मंथन किया गया। एसपी हारिस बिन जमां ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए थाना क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान प्रभावी ढंग से चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा।
एसपी ने नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखने और ऐसे मामलों में आगे तक जांच करते हुए कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर
डायन-बिसाही, दुष्कर्म एवं बच्चियों के साथ शोषण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। इसके अलावा जिले में अवैध बालू खनन एवं बालू माफिया की गतिविधियों पर भी निगरानी रखने का निर्देश थाना प्रभारियों को दिया गया। अवैध खनन से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
लंबित मामलों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर जोर
बैठक में पिछले माह विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक मामलों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। जिन थाना क्षेत्रों में मामलों के निष्पादन का औसत संतोषजनक नहीं रहा, वहां के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
एसपी ने विभिन्न कांडों में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय एवं सतर्क रहने को कहा।



















Total Users : 1210323
Total views : 3054290