शिक्षा, रोजगार और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुटता पर जोर, वैवाहिक परिचय सह मिलन समारोह रहा आकर्षण का केंद्र
चतरा। जिला मुख्यालय स्थित डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन में आयोजित पासवान समाज महासम्मेलन का बुधवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान के साथ समाज में आपसी एकजुटता मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित सम्मेलन में झारखंड के अलावा बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में चतरा विधायक जनार्दन पासवान एवं बोधगया विधायक सर्वजीत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया।
शिक्षा और युवाओं के भविष्य पर विशेष जोर
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि समाज की एकजुटता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक पहल जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, युवाओं के भविष्य और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संबंधित स्तर तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही नशाखोरी और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि सामाजिक बदलाव केवल कानून के माध्यम से नहीं, बल्कि सामूहिक इच्छाशक्ति से संभव है।
उन्होंने महासम्मेलन को समाज को एक मंच पर लाने वाला आयोजन बताते हुए कहा कि यहां उठाए गए सामाजिक और जनहित के मुद्दों को संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का हुआ सम्मान
मंच पर पहुंचने के बाद अतिथियों को पुष्पगुच्छ, फूलमाला, अंगवस्त्र तथा पासवान समाज के आराध्य वीर बाबा चौहरमल एवं वीर बाबा शैलेश की प्रतिमा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक जनार्दन पासवान का स्वागत जयप्रकाश पासवान ने किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्यों, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुखों, पंचायत मुखिया, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों को भी सम्मानित किया गया।
नशामुक्ति और दहेज प्रथा के खिलाफ उठी आवाज
महासम्मेलन में सामाजिक एवं शैक्षणिक विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने, उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और युवाओं को सही दिशा देने पर जोर दिया। साथ ही नशामुक्त और दहेज प्रथा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
वैवाहिक परिचय समारोह रहा आकर्षण का केंद्र
महासम्मेलन का प्रमुख आकर्षण वैवाहिक परिचय सह मिलन समारोह रहा। इसमें युवक-युवतियों के वैवाहिक संबंधों के लिए परिचय का मंच उपलब्ध कराया गया। इच्छुक युवक-युवतियों के परिचय एवं बायोडाटा भी जमा किए गए। आयोजकों ने बताया कि इसका उद्देश्य समाज के परिवारों को आपसी परिचय के माध्यम से जोड़ना और वैवाहिक संबंधों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
एकजुटता को बताया सामाजिक विकास की नींव
आयोजकों ने कहा कि महासम्मेलन का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक कुरीतियों, आपसी सहयोग और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक चिंतन के लिए समाज को एक मंच पर लाना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के अगुवा बद्री राम, कृष्णा पासवान, गोविंद राम, बेचन पासवान, सचिन पासवान, मनोज पासवान, राजेश पासवान, कुन्दन पासवान, कुंदन पासवान हजारीबाग, गणेश पासवान, हेमंत नारायण पासवान, शंभू प्रसाद, नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष गुंजा देवी, मुकेश पासवान, केदार पासवान, बबलू पासवान, सरिता देवी, सविता देवी, अर्जुन पासवान, अनीता देवी, अनुप्रिया कुमारी, पार्वती देवी, शंभू पासवान समेत बड़ी संख्या में समाजसेवियों की भूमिका रही।
























Total Users : 1210314
Total views : 3054281