गुमला (झारखंड) संवाददाता | गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत, मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित छह दिवसीय “पहला कदम–इंडक्शन प्रोग्राम 2026” का मंगलवार, 29 सितंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 23 से 29 सितंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शैक्षणिक, व्यक्तिगत, व्यावसायिक एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मानसिक शांति एवं एकाग्रता, सार्वभौमिक मानवीय मूल्य, व्यक्तिगत विकास, उद्यमिता, NCC, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, विभागीय परिचय एवं करियर मार्गदर्शन सहित कई जागरूकता एवं परिचयात्मक सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा क्विज, म्यूजिकल चेयर, सामूहिक गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
‘Mission Statement of Life’ रहा समापन दिवस का प्रमुख आकर्षण

समापन दिवस पर “Mission Statement of Life” विषय पर विशेष इंडक्शन सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक अभिजीत कुमार एवं शासी निकाय की सदस्या रेणुका यशस्वी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन को उद्देश्यपूर्ण बनाने पर जोर दिया।
इसके बाद Training & Placement Cell, Examination Department एवं BCA Department की ओर से परिचयात्मक सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में विद्यार्थियों को शैक्षणिक प्रक्रियाओं, परीक्षा व्यवस्था, करियर के अवसरों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समापन समारोह में Badal & Group तथा Devansh & Group ने सामूहिक गीत प्रस्तुत किया, जबकि Riya & Group एवं Divyesh & Group ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की Ramp Walk ने भी कार्यक्रम में विशेष उत्साह और उमंग का माहौल बनाया।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थी विवेक बाराइक ने समापन उद्बोधन प्रस्तुत किया। इसके बाद प्राचार्य डॉ. शिबा नारायण साहू ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, निदेशकगण, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
छह दिवसीय “पहला कदम–इंडक्शन प्रोग्राम 2026” नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए कॉलेज जीवन की सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शुरुआत साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कॉलेज की शैक्षणिक संस्कृति, मूल्यों, करियर संभावनाओं और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका को समझने का अवसर मिला।



















Total Users : 1210323
Total views : 3054290