लोहरदगा, 29 सितम्बर: झारखण्ड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निदेशक, प्राथमिक शिक्षा *श्री मनोज कुमार रंजन* द्वारा आज लोहरदगा जिले के पीएम श्री विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण सह अनुश्रवण किया गया।
पीएम श्री विद्यालयों के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत निदेशक महोदय का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले में कुल 09 पीएम श्री विद्यालय संचालित हैं, जिनमें से आज द्वितीय चरण में 03 विद्यालयों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण किये गए विद्यालयों में पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चितरी डांडू (सेन्हा), पीएम श्री कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय, किस्को और पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कुजरा (लोहरदगा) शामिल हैं।
अधिकारियों की टीम रही मौजूद:
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी दास सुनंदा चन्द्रमोलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, एडीपीओ मोनिदीपा बनर्जी, एपीओ एमलीन सुरी, क्षेत्र प्रबंधक आकाश कुमार सहित सभी संबंधित प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी (BRP) एवं संकुल संसान सेवी (CRP) तथा झारखण्ड शिक्षा परियोजना, लोहरदगा की पूरी टीम उपस्थित रही।
क्या-क्या देखा गया:
निदेशक महोदय एवं वरीय अधिकारियों की टीम ने विद्यालय पहुंचकर सबसे पहले प्रार्थना सभा और बच्चों की उपस्थिति का जायजा लिया। इसके बाद टीम ने क्रमवार –
1. कक्षा-कक्षों में चल रही पठन-पाठन गतिविधि 2. शिक्षकों की उपस्थिति एवं Lesson Plan 3. पुस्तकालय में पुस्तकों की उपलब्धता एवं बच्चों द्वारा उपयोग 4. ICT लैब / कंप्यूटर कक्ष एवं स्मार्ट क्लास 5. विज्ञान प्रयोगशाला, उपकरणों की स्थिति 6. विद्यालय परिसर, किचन शेड, शौचालय, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था 7. मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता 8. आधारभूत संरचना एवं बाउंड्री वॉल, खेल मैदान का गहन अवलोकन किया।
अधिकारियों ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से सीधा संवाद किया। बच्चों से बुनियादी सवाल पूछे गए, उनकी कॉपी देखी गई और सीखने की प्रगति (Learning Outcome) के बारे में जानकारी ली गई। KGBV किस्को में बालिकाओं से सुरक्षा, आवासीय व्यवस्था और कैरियर को लेकर विशेष चर्चा की गई।

निदेशक ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश:
निरीक्षण के उपरांत निदेशक श्री रंजन ने तीनों विद्यालयों की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, साथ ही कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों को NEP-2020 के अनुरूप मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना है। यहाँ पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, पर्यावरण और संस्कार पर विशेष ध्यान देना है। शिक्षक नियमित रूप से FLN, ICT लैब, लाइब्रेरी और प्रयोगशाला का उपयोग सुनिश्चित करें।
प्रधानाध्यापकों ने जताया आभार:
मौके पर पीएम श्री चितरी डांडू के प्रधानाध्यापक *मनीष कुमार अग्रवाल*, KGBV किस्को की वार्डन *संगीता साहू* एवं पीएम श्री कुजरा के प्रधानाध्यापक *राजश्री भगत* ने निदेशक सहित सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन से विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। विद्यालय परिवार ने इस निरीक्षण को विद्यालय के विकास के लिए प्रेरणादायी कदम बताया। इस अवसर पर तीनों विद्यालयों के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित थे।























Total Users : 1208876
Total views : 3052370