भव्य आयोजन पर बनी सहमति, देवी भागवत कथा व प्रवचन कराने का लिया गया निर्णय
प्रतापपुर (चतरा)। आगामी दुर्गा पूजा के सफल, भव्य एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित महावीर मंदिर परिसर में धर्मप्रेमियों एवं पूजा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अजीत पांडेय ने की, जबकि संचालन सत्येंद्र पासवान ने किया। बैठक में दुर्गा पूजा समिति के पुनर्गठन सहित पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पूजा समिति के पूर्व अध्यक्ष रोहित कुमार गुप्ता ने पिछले वर्ष के दुर्गा पूजा आयोजन का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद आगामी पूजा को बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर उपस्थित सदस्यों ने अपने सुझाव दिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दुर्गा पूजा के आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं की सहभागिता को विशेष महत्व दिया जाएगा। इस वर्ष पूजा के दौरान देवी भागवत कथा एवं धार्मिक प्रवचन कराने पर भी सहमति बनी। साथ ही दुर्गा पूजा का आयोजन हाई स्कूल मैदान में कराने के प्रस्ताव पर विशेष जोर दिया गया। श्रद्धालुओं के लिए उच्च कोटि के प्रवचन कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि पूजा के दौरान क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण कायम रहे।
कमलेश पासवान को मिली पूजा समिति की कमान
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कमलेश कुमार पासवान को दुर्गा पूजा समिति का अध्यक्ष चुना गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और समिति के विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी। निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में अध्यक्ष द्वारा पूजा समिति के विस्तारित स्वरूप की घोषणा की जाएगी। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समिति के सदस्यों ने दुर्गा पूजा को भव्य, शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में मुख्य रूप से सत्येंद्र पासवान, अजीत कुमार पांडेय, आशुतोष कुमार, अमित कुमार, सावन कुमार, ओम प्रकाश, जगदीश यादव, सौरभ कश्यप, ऋषि कुमार, रोहित कुमार गुप्ता, कमलेश पासवान, रोशन कुमार, बिहारी कुमार, अतुल कुमार आनंद, शुभम कुमार एवं सन्मुख यादव सहित अन्य धर्मप्रेमी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






















Total Users : 1169153
Total views : 2997931