मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने पर जोर
चतरा। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त सह मतदाता सूची प्रेक्षक विजय कुमार गुप्ता ने बुधवार को चतरा एवं सिमरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों एवं प्रखंड कार्यालयों का निरीक्षण कर एसआईआर-2026 के तहत चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
प्रमंडलीय आयुक्त के चतरा परिसदन पहुंचने पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद परिसदन स्थित सभागार में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा सांसद एवं विधायक के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर-2026 से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-02 से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में आवश्यक सहयोग करने का अनुरोध किया गया।
मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कर्मियों से ली जानकारी
निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत बकचुमा पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 496 (बकचुमा पूर्वी), 497 (कोशमाडीह) एवं 498 (बकचुमा पश्चिमी) का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे एसआईआर कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मियों से आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने कान्हाचट्टी एवं सिमरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर सभागार में आयोजित दावा-आपत्ति शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर एसआईआर-2026 से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि एसआईआर कार्य में लगे बीएलओ एवं अन्य संबंधित कर्मी अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने पर भी विशेष जोर दिया। आयुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करें। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





















Total Users : 1169141
Total views : 2997918