40 घरों के करीब 200 ग्रामीण प्रभावित, बच्चों की पढ़ाई बाधित; स्थायी समाधान की मांग
हंटरगंज (चतरा)। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हंटरगंज प्रखंड की तरवागडा पंचायत स्थित परसिया दलित टोला के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के बाद टोले की मुख्य सड़क पर करीब दो से तीन फीट पानी जमा हो गया है। इससे करीब 40 घरों में रहने वाले लगभग 200 ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। बाइक और चारपहिया वाहनों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, टोले के मुख्य रास्ते के पास स्थित आहर बारिश के पानी से भर गया है। आहर का पानी बढ़ने के साथ सड़क पर फैल जाता है और पूरा रास्ता जलमग्न हो जाता है। इससे ग्रामीणों को हंटरगंज प्रखंड मुख्यालय सहित अन्य जगहों तक आने-जाने में परेशानी हो रही है।
स्कूली बच्चों और मरीजों की बढ़ी चिंता
सड़क पर पानी जमा होने का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिक पानी के कारण छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, किसी ग्रामीण के अचानक बीमार पड़ने या महिला को अस्पताल ले जाने की स्थिति में वाहन टोले तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में उत्पन्न होती है। आहर भरते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और टोला कुछ समय के लिए आसपास के क्षेत्र से कट जाता है।
अधिकारियों ने लिया जायजा, समाधान का आश्वासन
मुखिया चमेली देवी सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क को ऊंचा कराने, पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था करने अथवा वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है। जानकारी मिलने पर हंटरगंज अंचलाधिकारी रितिक कुमार और चेयरमैन ममता कुमारी गांव पहुंचे। दोनों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से आश्वासन को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की है।























Total Users : 1163042
Total views : 2991257