बारिश के दौरान हादसा, मिड-डे मील के वक्त मचा हड़कंप
कोडरमा। जिले के चंदवारा प्रखंड की बेंदी पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में सोमवार को तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय के अर्धनिर्मित दो मंजिला भवन का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे।
भवन का हिस्सा गिरते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बच्चों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया, जिससे सभी बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।

2010 से अधूरा पड़ा है भवन
बताया गया कि विद्यालय का दो मंजिला भवन करीब वर्ष 2010 में अधूरा बना था और इसका ऊपरी हिस्सा लंबे समय से इसी स्थिति में पड़ा हुआ था। सोमवार को तेज बारिश के बीच अचानक इसका एक हिस्सा ढह गया। विद्यालय में करीब 37 बच्चे नामांकित हैं, जबकि फिलहाल केवल एक शिक्षक पिंटू कुमार कार्यरत हैं। शिक्षक पिंटू कुमार ने बताया कि घटना के समय बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे। भवन का हिस्सा गिरते ही बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
विद्यालय की सुरक्षा पर उठे सवाल
अर्धनिर्मित भवन का हिस्सा गिरने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि लंबे समय से अधूरा पड़ा भवन बारिश के मौसम में कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय भवन की तत्काल जांच कराने और जर्जर व अर्धनिर्मित हिस्से को सुरक्षित कराने की मांग की है।





















Total Users : 1147964
Total views : 2975502