‘V.B.U Hazaribag’ की साइबर जांच की मांग, SP को पत्र देकर संचालक की पहचान और कार्रवाई की मांग
हजारीबाग। विनोबा भावे विश्वविद्यालय के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर “V.B.U Hazaribag” नाम से संचालित फेसबुक पेज को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में चंदन सिंह ने हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर पेज की साइबर जांच कराने और इसके संचालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
चंदन सिंह के अनुसार, फेसबुक पर संचालित उक्त पेज पर विश्वविद्यालय के नाम और लोगो का इस्तेमाल किया जा रहा है। पेज के करीब 7.5 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे में छात्र और आम लोग इसे विश्वविद्यालय का आधिकारिक सोशल मीडिया पेज समझ सकते हैं।
भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का आरोप
चंदन सिंह ने आरोप लगाया कि पेज के माध्यम से लगातार ऐसी सामग्री पोस्ट की जा रही है, जिससे सरकार और विश्वविद्यालय की छवि प्रभावित होने के साथ लोगों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह पेज विश्वविद्यालय का अधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है, तो उसके नाम और लोगो का इस्तेमाल गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष साइबर जांच की आवश्यकता जताई।
IP और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की मांग
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में पेज संचालक की पहचान के लिए साइबर फॉरेंसिक जांच, IP Address और उपलब्ध डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट पाए जाने पर कानून के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। चंदन सिंह ने कहा कि जांच के माध्यम से यह स्पष्ट होना चाहिए कि पेज का संचालन कौन कर रहा है और विश्वविद्यालय के नाम एवं पहचान का इस्तेमाल किस आधार पर किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय से भी स्थिति स्पष्ट करने की मांग
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से भी आधिकारिक रूप से स्पष्ट करने की मांग की है कि “V.B.U Hazaribag” फेसबुक पेज अधिकृत है या नहीं। उनका कहना है कि यदि पेज अधिकृत नहीं है तो विश्वविद्यालय को भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल पेज के आधिकारिक या अनधिकृत होने की स्थिति को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।























Total Users : 1141863
Total views : 2968600