वर्ष 2027 की मैट्रिक-इंटर परीक्षा में चतरा को राज्य के टॉप-5 में लाने का लक्ष्य, रिमेडियल क्लास और नियमित मूल्यांकन पर जोर
चतरा। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यालयों की प्रगति, विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा शैक्षणिक मानकों की प्रखंडवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान ओवरऑल रैंकिंग में अपेक्षाकृत खराब प्रदर्शन करने वाले हंटरगंज एवं लावालौंग प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रतापपुर के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार दास एवं हंटरगंज के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप कुमार से कारण-पृच्छा करते हुए नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। चतरा प्रखंड के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी से भी कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया।
संकुल साधनसेवियों के युक्तिकरण का निर्देश
बैठक में विद्यालय संकुल संसाधन केंद्रों की उपलब्ध संख्या की तुलना में अधिक संकुल साधनसेवी पाए जाने की स्थिति में युक्तिकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पीएम श्री विद्यालयों से संबंधित लंबित आंकड़ों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। स्टूडेंट प्रोग्रेशन में धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित संकुल साधनसेवियों को अगली समीक्षा बैठक से पहले विद्यालय स्तर पर आवश्यक कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
कस्तूरबा विद्यालयों में सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता पर जोर
उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में साफ-सफाई तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भोजन परोसने से पहले संबंधित शिक्षक या शिक्षिका को स्वयं भोजन की जांच करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध सेफ्टी एड किट की दवाओं की समय-समय पर एक्सपायरी तिथि जांचने, पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने तथा शौचालय और रसोईघर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों को क्रियाशील रखते हुए विद्यार्थियों को उनका समुचित लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।
चतरा को राज्य के टॉप-5 में लाने का लक्ष्य
बैठक में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वर्ष 2027 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में चतरा जिले को राज्य के टॉप-5 में स्थान दिलाने के लक्ष्य के साथ सभी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रिमेडियल क्लास, स्व-अध्ययन और नियमित मूल्यांकन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने की बात कही। उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, सीआरपी एवं बीआरपी को नियमित रूप से विद्यालयों का अनुश्रवण कर शैक्षणिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी अम्बुज राज लक्ष्मी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डेन उपस्थित थीं।























Total Users : 1134161
Total views : 2957992