Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

प्लस टू गंगा स्मारक उच्च विद्यालय में नवमी के विद्यार्थियों का सम्मान समारोह

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाटक और चित्रकला से दिखाई प्रतिभा, विधायक ने विद्यालय की समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू गंगा स्मारक उच्च विद्यालय में शनिवार को नवमी कक्षा के छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक उज्ज्वल कुमार दास मुख्य अतिथि तथा गिद्धौर पंचायत की मुखिया निर्मला देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने झारखंड की पारंपरिक संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए गीत और मांदर की थाप के साथ अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक, भाषण एवं चित्रकला सहित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान एक छात्र ने विधायक उज्ज्वल कुमार दास का स्केच बनाकर उन्हें भेंट किया, जिसकी विधायक ने सराहना की।

विद्यालय की समस्याओं को लेकर सौंपा मांग पत्र

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. कृष्ण कुमार टिंकू ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में विद्यालय परिसर में डीप बोरिंग, पेवर ब्लॉक, सौर ऊर्जा अथवा विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

मांगों पर विधायक उज्ज्वल कुमार दास ने आश्वासन दिया कि विद्यालय में पेयजल की समस्या का जल्द समाधान कराने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अशोक पांडेय, उपाध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि कपिल कुमार, विद्यालय के पूर्व क्लर्क नागेश्वर दांगी, झामुमो नेता यदुनंदन पांडेय, राजेश दांगी, बिंदेश्वर यादव सहित दर्जनों अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment