चार कमरों से आपत्तिजनक स्थिति में मिले युवक-युवतियां, एसडीपीओ ने सदर थाना में प्रेस वार्ता कर दी कार्रवाई की जानकारी
चतरा। जिला मुख्यालय में इटखोरी मुख्य मार्ग पर नए परिसदन भवन के सामने स्थित चांदनी होटल सह रेस्टोरेंट में कथित देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने होटल में छापेमारी कर 07 पुरुष और 05 महिलाओं समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। उक्त कार्रवाई की पूरी जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को दी।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि 21 अगस्त 2026 को दोपहर 1:05 बजे पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित चांदनी होटल में कुछ दिनों से कथित रूप से अवैध देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना के अनुसार होटल में लगातार कुछ युवक-युवतियों का आना-जाना हो रहा था।
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद होटल में विधिवत छापेमारी की।
चार कमरों से युवक-युवतियां गिरफ्तार
एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में बताया कि छापेमारी के दौरान होटल के प्रथम तल के कमरा नंबर 101, द्वितीय तल के कमरा नंबर 202, तृतीय तल के एक कमरे और चौथे तल के एक कमरे से एक-एक युवक एवं युवती आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस ने सभी को मौके से गिरफ्तार कर सदर थाना लाया। चारों कमरों में मिले युवक-युवतियों द्वारा इस्तेमाल किए गए सामानों को पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया।
12 लोग गिरफ्तार, मोबाइल और दो वाहन जब्त
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 07 पुरुष और 05 महिलाएं शामिल हैं।
गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस ने 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया। इसके अलावा मौके से एक सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल संख्या जेएच-13एम-9158 तथा एक लाल रंग की स्कूटी संख्या जेएच-13जी-7429 भी जब्त की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
एसडीपीओ के अनुसार मामले में सदर थाना कांड संख्या 354/2026, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 272, 292, 318(4), 338, 336(2), 340(2), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में कथित गतिविधियां कब से संचालित थीं, इसके पीछे कौन लोग शामिल थे और क्या इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है।
छापामारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापामारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज तथा सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी लोगों से पूछताछ जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























Total Users : 1134206
Total views : 2958056