विद्यालय के समीप कुएं में मिला शव, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के नावाडीह पनारी पंचायत अंतर्गत गोसपुर गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मायापुर मध्य विद्यालय के समीप स्थित एक कुएं से 65 वर्षीय सोहर यादव का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान सोहर यादव 65 वर्ष, पिता गिरधारी यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोहर यादव पिछले करीब तीन दिनों से लापता थे और परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे।
छात्रों ने कुएं में शव तैरता देखा

बताया गया कि शनिवार को मायापुर मध्य विद्यालय के कुछ छात्रों ने कुएं में शव तैरता देखा। छात्रों ने इसकी जानकारी शिक्षकों को दी। इसके बाद शिक्षकों ने ग्रामीणों और हंटरगंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना के एएसआई अजय कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसकी पहचान सोहर यादव के रूप में हुई।
मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट नहीं
परिजनों के अनुसार, सोहर यादव को शराब पीने की आदत थी और उनका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं रहता था। परिजनों एवं ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि संभवतः किसी कारणवश वे कुएं में गिर गए होंगे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि सोहर यादव शांत एवं मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। किसी से विवाद या दुश्मनी की जानकारी भी सामने नहीं आई है।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। ऐसे में पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत के वास्तविक कारण की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस द्वारा शव बरामद किए जाने के बाद मामले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। तीन दिनों से लापता व्यक्ति का शव कुएं से मिलने की घटना से पूरे नावाडीह पनारी क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।





















Total Users : 1151849
Total views : 2979500