200 नामजद, 500 अज्ञात; पुलिस खंगाल रही फुटेज और तस्वीरें, पहचान होते ही होगी गिरफ्तारी
हजारीबाग। मटवारी मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना को लेकर 700 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें 200 लोग नामजद हैं, जबकि 500 अज्ञात बताए गए हैं।
कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक के अनुसार, घटना में शामिल लोगों की पहचान का काम तेजी से चल रहा है। पुलिस शुक्रवार को मटवारी मैदान में मौजूद लोगों की पहचान के लिए घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और तस्वीरों को खंगाल रही है।
फुटेज और एआई की मदद से होगी पहचान
पुलिस के अनुसार संदिग्धों की पहचान के लिए एआई, स्पेशल इंटेलिजेंस और स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है। छात्रों से भी घटना के दौरान मौजूद संदिग्ध लोगों की पहचान कराने की प्रक्रिया चल रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुतला दहन के दौरान बिगड़ा माहौल
दरअसल, शुक्रवार को मटवारी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया जा रहा था। इसी दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं, पुलिस और छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया और स्थिति झड़प तक पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। पुलिस की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के दौरान जवानों पर पथराव किया गया। बताया गया कि कुछ झामुमो कार्यकर्ता चेहरे पर मास्क लगाए और हाथों में लाठी लेकर आंदोलन का विरोध करने पहुंचे थे। इसके बाद मैदान में तनाव और बढ़ गया। फिलहाल पुलिस घटना के वीडियो और तस्वीरों के आधार पर एक-एक व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पहचान पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1134161
Total views : 2957997