पुलिस की कार्रवाई, चोरी के कई मामलों में आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
मयूरहंड (चतरा)। चोरी की मोटरसाइकिल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मयूरहंड पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या एमएच-02-जीसी-4226 बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चतरा और हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में चोरी से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस संबंध में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 18 अगस्त 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक इटखोरी-हजारीबाग मार्ग से इटखोरी मोड़ की ओर जा रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद मयूरहंड थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक राहुल दुबे ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और अपने नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया। पुलिस टीम तत्काल इटखोरी मोड़ की ओर रवाना हुई। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर इटखोरी मोड़ से हजारीबाग की ओर भाग रहे हैं।
पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में चोरी की घटना में एक अन्य युवक सूरज कुमार, पिता शंभु भुइयां, निवासी सहरजाम, थाना इटखोरी की संलिप्तता की बात बताई। इसके आधार पर पुलिस ने सहरजाम गांव में छापामारी कर सूरज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास
1. प्रशांत कुमार यादव उर्फ माइकल (21 वर्ष)
पिता—सुरेंद्र यादव, निवासी सहरजाम, थाना इटखोरी, जिला चतरा।
उसके खिलाफ हजारीबाग सदर थाना कांड संख्या 87/2026, इटखोरी थाना कांड संख्या 41/2026 तथा मयूरहंड थाना कांड संख्या 58/2026 दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
2. सूरज कुमार (21 वर्ष)
पिता—शंभु भुइयां, निवासी सहरजाम, थाना इटखोरी, जिला चतरा।
पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ भी हजारीबाग सदर थाना कांड संख्या 87/2026, इटखोरी थाना कांड संख्या 41/2026 तथा मयूरहंड थाना कांड संख्या 58/2026 दर्ज है।
3. साजन कुमार उर्फ सर्जन कुमार (20 वर्ष)
पिता—सरजू भुइयां, निवासी बघमुंडी, थाना इटखोरी, जिला चतरा।
उसके खिलाफ मयूरहंड थाना कांड संख्या 58/2026, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, पंजीकरण संख्या एमएच-02-जीसी-4226 बरामद की है।
छापामारी दल में मयूरहंड थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक राहुल दुबे, सहायक अवर निरीक्षक पुनीत कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






















Total Users : 1129424
Total views : 2951487