एसपी ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए किया रवाना
चतरा। झारखंड के चतरा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर चतरा पुलिस को दूसरे चरण के तहत कुल 19 नई डायल-112 बोलेरो गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं।
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने समाहरणालय परिसर से सभी नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

गश्त और आपात कार्रवाई में मिलेगी तेजी
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुराने और खराब वाहनों के कारण पुलिस जवानों को नियमित गश्त, पेट्रोलिंग और आपातकालीन अभियानों के दौरान कई व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब 19 नए वाहनों के पुलिस बेड़े में शामिल होने से जिले के दूर-दराज और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और सक्रियता बढ़ेगी। इन वाहनों के माध्यम से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, वाहन जांच और सघन गश्त को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
आपात स्थिति में कम होगा प्रतिक्रिया समय
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इन वाहनों से आपात परिस्थितियों में पुलिस का प्रतिक्रिया समय (रिस्पॉन्स टाइम) कम होगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। इसके अलावा जिले के संवेदनशील एवं जंगली क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियानों और संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई में भी इन नए वाहनों से पुलिस बल को बेहतर गतिशीलता मिलेगी। नई गाड़ियों के शामिल होने से चतरा पुलिस की गश्ती व्यवस्था, आपात प्रतिक्रिया और अपराध नियंत्रण अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।




















Total Users : 1129414
Total views : 2951473