18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले छात्रों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील
चतरा। गुरुवार को चतरा महाविद्यालय, चतरा के बीसीए विभाग में जिला निर्वाचन विभाग की ओर से विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार झा के संबोधन से हुई।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष हो जाएगी, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सक्षम हो सकें।
ईसीआई ऐप की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय से पहुंचे दिनकर कुमार ने विद्यार्थियों को ईसीआई ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के साथ-साथ मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रकार के सुधार भी किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐप के उपयोग की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया और मतदाता सूची में अपने विवरण की जांच करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के करीब 120 नए विद्यार्थियों ने भाग लिया और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. हेमंत कुमार मिश्रा, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. एल्विन बाखला, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष अतुल अनुराग तिर्की, इतिहास विभाग के अमित प्रवीण तिग्गा, मनोविज्ञान विभाग के डॉ. अंशुमय लायक सहित बीसीए विभाग के हीरामन महतो, श्रेया प्रकाश, पंकज पांडे एवं विजय साँगा उपस्थित रहे।





















Total Users : 1121910
Total views : 2941239