Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

हाइवा छोड़ो आंदोलन में हिंसा का आरोप, दो फ्लाई ऐश वाहन चालकों से मारपीट

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप, दो संदिग्ध पुलिस के हवाले

टंडवा (चतरा)। पिछले चार दिनों से भारी वाहनों का परिचालन ठप कराने को लेकर चल रहे ‘चतरा हाइवा छोड़ो आंदोलन’ के बीच बुधवार देर रात आंदोलनकारियों पर हिंसक और आक्रामक रुख अपनाने का गंभीर आरोप लगा है। सिमरिया थाना क्षेत्र के डाड़ी स्कूल (डाड़ी चौक) के समीप फ्लाई ऐश लदे दो वाहनों के चालकों के साथ कथित तौर पर मारपीट, पथराव एवं रुपये छीनने का मामला सामने आया है।

घटना को लेकर पीड़ित वाहन चालकों ने स्थानीय थाना में लिखित आवेदन देकर आंदोलन के मुख्य नेतृत्वकर्ता मनोज कुमार चंद्रा, चंद्रदेव साहू समेत 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

लिखित शिकायत के अनुसार, पीड़ित चालक मुकेश कुमार (गया) एवं रंजीत कुमार (नालंदा) एनटीपीसी टंडवा से फ्लाई ऐश लदे टेलर लेकर पिछले तीन दिनों से सड़क पर फंसे हुए थे। आरोप है कि बुधवार रात करीब 12 बजे लाठी-डंडे एवं लोहे की रॉड से लैस लोगों ने दोनों चालकों पर हमला कर दिया और रुपये की मांग की।

चालकों द्वारा विरोध करने पर कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को आते देख हमलावर भागने लगे। चालकों ने स्थानीय लोगों की मदद से दो कथित हमलावरों पवन कुमार एवं रुपेश कुमार, दोनों डाड़ी निवासी, को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त किए जाने की बात कही गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

गतिरोध खत्म कराने के लिए प्रशासन ने बुलाई बैठक

इधर, चक्का जाम और तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट है। टंडवा सीओ गौरव कुमार राय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को आधिकारिक पत्र जारी किया है। इसके तहत गुरुवार को अंचल सह प्रखंड कार्यालय टंडवा के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की जा रही है।

बैठक में सभी ओनर एसोसिएशन, एनटीपीसी एवं सीसीएल की विभिन्न परियोजनाओं के प्रबंधक, प्रमुख ट्रांसपोर्टर, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरीय प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य चार दिनों से जारी गतिरोध को समाप्त कर भारी वाहनों का परिचालन सामान्य कराना बताया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment