Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

पीड़ित परिवार से मिला विहिप प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच की मांग

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

दोषी को सजा और निर्दोष को संरक्षण मिले, पूर्व मामलों की भी जांच कराने की मांग

चतरा। टंडवा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से जुड़ी गंभीर घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद, चतरा जिला टोली के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच की मांग की।

विहिप प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किसी भी बेटी के साथ इस प्रकार की घटना गंभीर एवं निंदनीय है। संगठन की मांग है कि जांच के दौरान वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए और दोष सिद्ध होने पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने की बात कही गई।

संगठन ने प्रशासन से सभी पक्षों की भूमिका की निष्पक्ष जांच करने तथा क्षेत्र में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। विहिप ने कहा कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की प्रत्यक्ष या परोक्ष संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। किसी भी दोषी को प्रभाव या पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि घटनाक्रम के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने, लोगों को शांत कराने, पीड़ित परिवार की सहायता करने अथवा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने वाले ऐसे लोगों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए, जिनकी हिंसक घटना में प्रत्यक्ष भूमिका नहीं रही है। संगठन ने कहा कि दोषी को दंड और निर्दोष को संरक्षण ही न्याय का मूल सिद्धांत है।

विहिप ने मृत आरोपी अमरोज अंसारी से जुड़े पूर्व आपराधिक मामलों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन की ओर से कहा गया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में उसके विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जेल भेजे जाने की बात सामने आई थी। संगठन ने संबंधित आधिकारिक अभिलेखों की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पूर्व में किसी गंभीर मामले में कार्रवाई के बावजूद यदि अपराध की पुनरावृत्ति हुई हो, तो ऐसे मामलों में पुलिस एवं प्रशासन की कार्रवाई की भी समीक्षा होनी चाहिए।

विहिप प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाली गंभीर घटनाओं को लेकर समाज में चिंता बढ़ी है। ऐसे मामलों में समयबद्ध जांच और दोषियों को शीघ्र सजा मिलने से अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा। संगठन ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा बड़गांव क्षेत्र में व्याप्त भय के माहौल को समाप्त करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि हिंदू समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए विश्व हिंदू परिषद आवाज उठाता रहेगा। संगठन ने दोहराया कि अपराधी चाहे कोई भी हो, निष्पक्ष जांच के बाद उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए और किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

मौके पर बजरंग दल प्रांत मिलन केंद्र प्रमुख संजय चौबे, जिला मंत्री सुधीर कुमार, जिला संयोजक अंकित पांडेय, बजरंग दल जिला सुरक्षा प्रमुख बिट्टू सिंह, टंडवा प्रखंड अध्यक्ष सोनू भुइयां एवं विकास सिंह मौजूद थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment