एक-दो सप्ताह पुराना होने की आशंका, पहचान नहीं; उच्चस्तरीय जांच की उठी मांग
टंडवा (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र में संचालित नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के फ्लाई ऐश स्टॉक यार्ड में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति काफी खराब थी और शरीर पर कपड़े नहीं थे। चेहरा समेत शरीर के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त पाए गए।
शव की स्थिति को देखते हुए उसके एक से दो सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि इतने लंबे समय तक शव के वहां पड़े रहने के बावजूद आसपास रहने वाले लोगों को इसकी भनक कैसे नहीं लगी, यह भी जांच का विषय है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस द्वारा शव की पहचान कराने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। शव की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की जा सकी थी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।





















Total Users : 1115962
Total views : 2933494