सहमति के बिना कोल डंपिंग शुरू करने का विरोध, अलग सड़क और मुआवजे की मांग; आंदोलन की चेतावनी
गिद्धौर (चतरा)। जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत द्वारी कोल साइडिंग को लेकर शुक्रवार को रैयतों एवं मजदूर किसान सोसाइटी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोल साइडिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।

वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनती, तब तक कोल डंपिंग अथवा अन्य निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी अथवा प्रशासन द्वारा जबरन कार्य शुरू करने का प्रयास किया गया तो रैयत, ग्रामीण एवं सोसाइटी के सदस्य चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि कोल साइडिंग में होने वाले सभी कार्य स्थानीय रैयतों एवं मजदूर किसान सोसाइटी के माध्यम से कराए जाएं, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। साथ ही रेलवे लाइन एवं कोल साइडिंग निर्माण के दौरान किसानों के खेतों से उठाई गई मिट्टी के कारण बने गड्ढों को समतल कराने की मांग भी उठाई गई।
ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण कार्य से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं, प्रदूषण से प्रभावित परिवारों के लिए भी ठोस राहत एवं क्षतिपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कोयला ढुलाई के लिए अलग सड़क निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के गांव की सड़कों से गुजरने के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कंपनी अलग परिवहन मार्ग का निर्माण कराए तथा भारी वाहनों से होने वाले नुकसान की भरपाई भी करे।
बैठक में आरोप लगाया गया कि प्रकाश रोडवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कोल डंपिंग का कार्य जल्दबाजी एवं दबाव के साथ शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। रैयतों एवं सोसाइटी सदस्यों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की सहमति और लंबित मांगों के समाधान के बिना किसी भी प्रकार का कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इधर, सूत्रों के अनुसार शुक्रवार से कोल डंपिंग कार्य शुरू होने की सूचना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कोल डंपिंग स्थल के आसपास निगरानी बढ़ा दी है तथा पुलिस गश्ती भी तेज कर दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। फिलहाल स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और कंपनी की अगली पहल पर बनी हुई है।





















Total Users : 1115280
Total views : 2932564