पहले भी तीन बार हो चुकी है चोरी, चारदीवारी नहीं होने से सुरक्षा पर सवाल; नशाखोरी और अड्डाबाजी पर कार्रवाई की चेतावनी
चतरा। लावालौंग प्रखंड मुख्यालय स्थित मॉडल स्कूल में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार देर रात एक बार फिर चोरों ने स्कूल परिसर में घुसकर चोरी का प्रयास किया और जमकर उत्पात मचाया। हालांकि रात्रि प्रहरियों की सतर्कता तथा ग्रामीणों और पुलिस के समय पर पहुंचने के कारण चोर वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद प्रधानाध्यापक भागीरथ मिस्त्री ने मुखिया नेमन भारती की मौजूदगी में थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। मुखिया ने भी चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानाध्यापक के अनुसार, घटना के समय दोनों रात्रि प्रहरी कार्यालय कक्ष में सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक बिजली गुल हो गई। एक प्रहरी जब लाइट जलाने के लिए दरवाजा खोलने पहुंचा तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसी दौरान स्कूल की ऊपरी मंजिल से ताला तोड़ने की आवाज सुनाई दी।
प्रहरियों ने तत्काल प्रधानाध्यापक को फोन कर सूचना दी। प्रधानाध्यापक ने पुलिस को जानकारी देने के साथ आसपास के युवकों को भी बुलाया। ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ स्कूल पहुंचे और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही चोर मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा आईसीटी कक्ष का ताला तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि इस बार किसी सामान की चोरी नहीं हो सकी।

प्रधानाध्यापक ने बताया कि यह स्कूल में चोरी की चौथी घटना है। इससे पहले पहली घटना में चोर स्कूल परिसर में लगे बोरिंग का मोटर चुरा ले गए थे। दूसरी बार पिछले वर्ष दिसंबर में चार की संख्या में आए चोरों ने सीसीटीवी कैमरे और खेल सामग्री चोरी करने के साथ टीवी, खेल का नेट समेत लाखों रुपये की सामग्री को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। तीसरी घटना में चोर बैटरी और इन्वर्टर भी चुरा ले गए थे।
लगातार चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से स्कूल प्रशासन, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि स्कूल में चारदीवारी नहीं होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ नशेड़ी शाम होते ही विद्यालय के आसपास और परिसर में घंटों तक बैठकर नशाखोरी और अड्डाबाजी करते हैं। इधर, पुलिस ने कहा है कि स्कूल या उसके आसपास अनावश्यक अड्डाबाजी और नशाखोरी करने वालों की जानकारी पुलिस को दी जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।




















Total Users : 1115279
Total views : 2932563