विजय चौबे को मुख्य आरोपी बनाए जाने पर भाजपा ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और पीड़िता की सुरक्षा की मांग
टंडवा (चतरा)। भारतीय जनता पार्टी के चतरा जिला नेतृत्व में टंडवा मंडल के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को टंडवा थाना क्षेत्र के दुष्कर्म पीड़ित परिवार से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल ने घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए पुलिस और प्रशासन से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। साथ ही भाजपा नेताओं ने मामले में निर्दोष लोगों को फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर उग्र भीड़ से इमरोज की जान बचाने का प्रयास किया, उसी को प्रशासन द्वारा मुख्य आरोपी बनाया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने विजय चौबे को निर्दोष बताते हुए कहा कि पार्टी उनके लिए न्याय की लड़ाई लड़ेगी। नेताओं का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता ने भी मामले में प्रशासनिक कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए गुरुवार को प्रशासन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन जांच कराने तथा निर्दोष लोगों को मामले में फंसाने की किसी भी कोशिश पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि घटना के दौरान बड़गांव पंचायत के पूर्व मुखिया विजय चौबे ने कथित रूप से मृतक इमरोज अंसारी को भीड़ से बचाने और स्थिति को नियंत्रित करने में प्रशासन की मदद करने का प्रयास किया था। पार्टी ने दावा किया कि स्थानीय लोगों के बयान और वायरल वीडियो फुटेज में भी इसका संकेत मिलता है। इसके बावजूद प्राथमिकी में पूर्व मुखिया को मुख्य अभियुक्त बनाया जाना उचित नहीं है।
भाजपा नेताओं ने मामले में दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग को समुचित सुरक्षा और उसके भरण-पोषण की व्यवस्था सरकार से करने की मांग भी की। नेताओं का कहना है कि मामले में माता-पिता के जेल जाने के बाद नाबालिग अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी होने के कारण असहाय स्थिति में है।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सिमरिया विधायक एवं भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन कुमार दास, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता, सांसद प्रतिनिधि मंटू सिंह उर्फ प्रेम विकास, टंडवा मंडल अध्यक्ष रंजीत गुप्ता, रामलाल महतो, उत्तरी क्षेत्र जिला परिषद सदस्य देवंती देवी, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सुमन सौरभ, महामंत्री बालकृष्ण यादव, विधायक प्रतिनिधि गोविंद तिवारी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडेय सहित ललित साहू, विजय साहू, सुनील चौरसिया, मुकेश कुमार प्रजापति, रवि गुप्ता, संजीत गुप्ता समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।




















Total Users : 1115275
Total views : 2932559