Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

भीड़ हिंसा मामले पर बड़ी कार्रवाई, दो एसआई समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

इमरोज और उसके पिता को भीड़ से बचाने में लापरवाही का आरोप, एसपी ने शुरू कराई विभागीय जांच

चतरा। टंडवा प्रखंड के बड़गांव में पॉक्सो मामले के आरोपी मो. इमरोज की भीड़ की पिटाई से हुई मौत के मामले में एसपी अनिमेष नैथानी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस अवर निरीक्षक और दो आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही चारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह, महिला पुलिस अवर निरीक्षक दुलारी पूर्ति, आरक्षी दशरथ महतो और प्रदीप कुमार शामिल हैं। निलंबन अवधि में चारों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन, चतरा में रहेंगे।

बताया गया कि यह कार्रवाई टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात रंजन बरवार द्वारा सौंपे गए जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों ने मृतक इमरोज और उसके पिता सुल्तान मियां को आक्रोशित भीड़ से सुरक्षित निकालने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किया।

जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त को दुष्कर्म के आरोप के बाद ग्रामीणों ने इमरोज के घर को घेर लिया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद स्थिति को नियंत्रित नहीं किया जा सका। इसके बाद भीड़ ने इमरोज के माता-पिता के साथ मारपीट की और इमरोज की भी पिटाई की, जिससे बाद में उसकी मौत हो गई।

एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि मामले की जांच जारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

इधर, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने गुरुवार को बड़गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में युवक की भीड़ द्वारा पिटाई से हुई मौत को गंभीर और शर्मनाक घटना बताते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।

बताया जा रहा है कि टंडवा में पदस्थापित अन्य पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की संभावना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment