डीपीआर, भूमि अधिग्रहण और निर्माण की समय-सीमा की मांगी जानकारी, जल्द काम शुरू कराने का किया आग्रह
चतरा। चतरा लोकसभा क्षेत्र के प्रस्तावित हंटरगंज बाईपास परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने और इसकी अद्यतन स्थिति जानने को लेकर सांसद कालीचरण सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपकर परियोजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया।
सांसद ने पत्र के माध्यम से कहा कि हंटरगंज बाईपास की स्वीकृति की घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों में विकास को लेकर उम्मीद जगी थी। अब यह जानकारी सामने आ रही है कि परियोजना को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को हस्तांतरित किया जा रहा है, ताकि इसका निर्माण आधुनिक फोरलेन बाईपास के रूप में कराया जा सके। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
सांसद ने बताया कि हंटरगंज बाजार से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े, मालवाहक एवं यात्री वाहनों का आवागमन होता है। भारी यातायात के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बाईपास परियोजना की वर्तमान स्थिति, डीपीआर, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति की प्रगति, भूमि अधिग्रहण की स्थिति तथा निर्माण कार्य शुरू होने की संभावित समय-सीमा की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर बहुप्रतीक्षित हंटरगंज बाईपास का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि हंटरगंज बाईपास केवल सड़क निर्माण की परियोजना नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुगम होगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी तथा व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही चतरा लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।





















Total Users : 1161731
Total views : 2989920