ग्रामीणों ने डीसी, डीएसई व बीईओ से की निष्पक्ष जांच और पुनः चुनाव की मांग
हंटरगंज (चतरा): हंटरगंज प्रखंड की पाण्डेयपुरा पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय पाण्डेयपुरा में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने उपायुक्त (डीसी), जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईओ) को लिखित शिकायत देकर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार 29 जुलाई 2026 को प्रधानाध्यापक एवं पर्यवेक्षक की मौजूदगी में अध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया, लेकिन चुनाव में विभागीय नियमों का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि पहले से अध्यक्ष रहे एक विवादित व्यक्ति को दोबारा अध्यक्ष बना दिया गया, जबकि नियमों के अनुसार ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कार्यकारिणी समिति के गठन में पारदर्शिता नहीं बरती गई। एक ही टोला से छह सदस्यों का चयन कर लिया गया, जबकि लगभग 200 घरों वाली पाण्डेयपुरा बाजार बस्ती से बहुत कम लोगों को प्रतिनिधित्व मिला। कई इच्छुक अभिभावकों को चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने से भी वंचित रखा गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निजी हितों को ध्यान में रखकर संपन्न कराई गई। उन्होंने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुनः चुनाव कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को भी बाध्य होंगे। वहीं, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईओ) किशोर कुमार ने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1104074
Total views : 2917252