सदर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके की घटना; मौके पर देशी कट्टा और कारतूस छोड़ भागे बदमाश, वारदात CCTV में कैद
लोहरदगा: जिले के शहरी क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार शाम हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया गया, जिसे दुकान संचालक की सूझबूझ और बहादुरी से विफल कर दिया गया। घटना के बाद भागने के चक्कर में अपराधी मौके पर ही हथियार छोड़ गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
ग्राहक बनकर घुसे थे बदमाश, व्यवसायी संजय खत्री ने दिखाया अदम्य साहस
जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक ग्राहक बनकर खत्री ज्वेलर्स पहुंचे और सोने की चेन देखने लगे। इसी दौरान मौका पाकर दोनों ने सोने की चेन से भरी पूरी ट्रे उठा ली और हथियार निकालकर भागने का प्रयास किया।
लेकिन सर्राफा व्यवसायी संजय खत्री ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना अपराधियों का डटकर मुकाबला किया और उनसे भिड़ गए। व्यवसायी के कड़े विरोध के कारण बदमाश घबरा गए और अपने मंसूबे में असफल होकर मौके से दुम दबाकर भाग निकले।
देशी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद, पुलिस खंगाल रही CCTV
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
व्यापारियों में भारी आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
शहर के बीचों-बीच स्थित प्रतिष्ठित सर्राफा प्रतिष्ठान में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। घटना के बाद सर्राफा कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यवसायियों ने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, संदिग्धों की सघन जांच और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा के लिए ठोस व पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






















Total Users : 1104072
Total views : 2917250