Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

दिनदहाड़े स्टेशनरी दुकान में युवक को मारी गोली, हुई मौत, आक्रोश, चौक जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

दिनदहाड़े वारदात से दहशत, आक्रोशित लोगों ने चौक जाम कर अपराधियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

लोहरदगा। जिले में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के पतराटोली स्थित एक स्टेशनरी दुकान में शनिवार को बेखौफ अपराधियों ने घुसकर युवा दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई, जबकि व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

मृतक की पहचान किस्को मोड़ निवासी सुनील साहू के 26 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार साहू के रूप में हुई है। वह पतराटोली स्थित ‘प्रिया स्टोर’ नामक स्टेशनरी दुकान का संचालन करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे। दोनों दुकान के अंदर घुसे और शुभम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर दुकान में ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा गंभीर रूप से घायल शुभम को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

इधर, हत्या की खबर फैलते ही व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों एवं सैकड़ों लोगों ने पावरगंज चौक जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय, उचित मुआवजा तथा व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है। उनका आरोप है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। लोगों ने शहर में नियमित गश्त बढ़ाने, अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम हटाने के प्रयास में जुटा था, जबकि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी थी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment