IDTR जमशेदपुर से युवाओं को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर और मजबूत होगी सड़क सुरक्षा व्यवस्था
रांची: झारखंड में सुरक्षित, कुशल और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में परिवहन विभाग एवं टाटा मोटर्स लिमिटेड के मध्य इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR), जमशेदपुर की स्थापना के लिए आयोजित समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षर समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य में सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए गुणवत्तापूर्ण ड्राइविंग प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। IDTR की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास, रोजगार सृजन और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी पहल कर रही है। टाटा मोटर्स लिमिटेड के सहयोग से स्थापित होने वाला यह संस्थान प्रशिक्षित और दक्ष चालकों के निर्माण के साथ परिवहन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि IDTR के माध्यम से युवाओं को आधुनिक सुविधाओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इससे ड्राइविंग प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार आएगा और युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
लाइसेंस प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर मुख्यमंत्री का जोर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस और लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने आवेदन की समयावधि, वाहन श्रेणी और लाइसेंस प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं पर लाभुकों से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने विशेष रूप से हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस और लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने पर बल दिया। साथ ही सभी जिलों के उपायुक्तों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद सहित विभिन्न जिलों के लाभुकों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की पहल
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार महिला और पुरुष दोनों को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण, लर्निंग लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया जाएगा, ताकि वे कौशल विकास से जुड़कर रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
सड़क सुरक्षा और रोजगार को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच यह साझेदारी राज्य में सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष परिवहन व्यवस्था के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि IDTR की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीक और वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा, दुर्घटना नियंत्रण और परिवहन क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना को साकार करने के लिए वे पिछले कई वर्षों से प्रयासरत थे और आज इसका मूर्त रूप लेना झारखंड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
10 हजार से अधिक नागरिकों को मिलेगा ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया जितनी सरल, सुलभ और पारदर्शी होगी, आम नागरिकों को उतना ही अधिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आज राज्य के 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह परिवहन सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि टाटा मोटर्स के सहयोग से विकसित व्यवस्था की तर्ज पर हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को भी आसान और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने दिए समयबद्ध सेवा के निर्देश
अंत में मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को पूरी प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस और लर्निंग लाइसेंस से संबंधित सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र आवेदक को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित समय पर लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए। राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, टाटा मोटर्स के जनरल मैनेजर गोलम मंडल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


























Total Users : 1151016
Total views : 2978640