जलजमाव से राहगीर और दुकानदार परेशान, विभाग बोला– जल्द टेंडर प्रक्रिया होगी शुरू
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार में हुई हल्की बूंदाबांदी ने ही जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। कुशवाहा हार्डवेयर के समीप सहित बाजार के दो-तीन स्थानों पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क के बीचों-बीच जलजमाव हो गया, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मामूली बारिश में ही मुख्य बाजार की सड़क जलमग्न हो जाती है, तो तेज बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो जाएंगे। उनका आरोप है कि सड़क पर छर्री, बालू और गंदगी जमा होने से नालियां जाम रहती हैं, जिससे हर बारिश में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

ग्रामीणों और दुकानदारों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। कई बार संबंधित विभाग को लिखित शिकायत देकर स्थायी समाधान की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग की उदासीनता के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को विवश होंगे।
वहीं, इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने पर बताया गया कि जल निकासी योजना की डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार कर ली गई है और इसे जल्द ही टेंडर प्रक्रिया में भेजा जाएगा, जिसके बाद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा।





















Total Users : 1174261
Total views : 3004771