अंडे-टमाटर और पथराव से मचा हड़कंप, पत्रकार घायल; पुलिस ने लाठीचार्ज कर संभाले हालात
रांची: नीट पेपर लीक मामले को लेकर झारखंड कांग्रेस द्वारा गुरुवार को राजधानी रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान से मार्च निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई और जवाबदेही की मांग की।

दूसरी ओर भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर पहले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हुई और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंडे और टमाटर फेंके जाने लगे। विवाद बढ़ने पर पथराव भी शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना को कवर करने पहुंचे कई मीडियाकर्मी भी पथराव की चपेट में आ गए। एक पत्रकार के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य के भी चोटिल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थिति बेकाबू होती देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने हस्तक्षेप किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां भी भांजी, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर हालात को नियंत्रित किया गया।
घटना के बाद कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने के आरोप लगाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘मेलोडी’ दिखाते हुए तंज कसा और कहा, “तुम लोग मेलोडी खाओ और मस्त रहो, देश भले पस्त रहे और रसातल में जाए।”
पूरे घटनाक्रम के दौरान ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, एसडीओ सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और लगातार स्थिति की निगरानी करते रहे। काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव समाप्त कर वापस लौट गए, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ता भी वहां से चले गए।
प्रदर्शन समाप्त होने के बावजूद एहतियात के तौर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है।





















Total Users : 1174347
Total views : 3004877